-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस केंद्र और सभी थानों में एक साथ हुआ प्रस्तावना का सामूहिक वाचन
बोकारो, 26 नवंबर 2026 – संविधान दिवस के मौके पर आज बोकारो पुलिस ने संविधान के मूल आदर्शों पर चलने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक अपनी सेवा पहुंचाने का संकल्प लिया। पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में कार्यालय सभागार में पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के साथ पुलिस केंद्र और जिले के सभी थाना परिसरों में भी एक साथ प्रस्तावना का सामूहिक वाचन हुआ। इस दौरान सभी ने संविधान के प्रति पूरी निष्ठा बनाए रखने की बात दोहराई।
गरीब, महिला, बच्चे और पीड़ित पर रहा जोर
पुलिस की ओर से बताया गया कि संविधान की मूल भावना के अनुसार बोकारो पुलिस समाज के अंतिम व्यक्ति, यानी गरीबों, महिलाओं, बच्चों और पीड़ितों तक बेहतर सेवा पहुंचाने का काम लगातार कर रही है। हाल के दिनों में नागरिक सेवाओं को तय समय के भीतर लोगों तक पहुंचाने की पूरी कोशिश की गई है।
पुलिस के अनुसार इन कामों में बेहतर नतीजे मिले हैं:
- पासपोर्ट, सेवा और चरित्र सत्यापन
- थाना दिवस के जरिए हजारों जमीन विवादों का मौके पर निपटारा
- खोए मोबाइल की बरामदगी और उनकी वापसी
- जन शिकायतों का जल्द निपटारा
- साइबर ठगी के पीड़ितों को पैसे की वापसी
- अदालत से जुड़े मामलों का निपटारा
इसके अलावा बच्चों और महिलाओं के खिलाफ अपराध और सड़क दुर्घटना जैसे मौकों पर भी पुलिस ने संवेदना के साथ आगे बढ़कर मदद की है।

