–लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
पारदर्शिता और ईमानदारी को बढ़ावा देने की पहल, हजारीबाग क्षेत्र को मिला पहला पुरस्कार
रांची, 26 नवंबर 2026: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के मुख्यालय स्थित गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर के संगम सभागार में गुरुवार को सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पारदर्शिता, जवाबदेही, ईमानदारी और भ्रष्टाचार रोकने के उपायों पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर ‘प्रमाण पोर्टल’ की शुरुआत की गई। साथ ही एक पुस्तक का विमोचन और अभियान पर तैयार वीडियो का अनावरण भी किया गया। सीसी एवं पीआर विभाग की ओर से तैयार सीसीएल के नए लोगो का आकर्षक ‘आउट्रो’ भी लॉन्च किया गया।
समारोह में कोल इंडिया लिमिटेड के मुख्य सतर्कता अधिकारी ब्रजेश कुमार त्रिपाठी, सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र और सीसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद वंदे मातरम् और कोल इंडिया गीत प्रस्तुत किया गया। डीएवी गांधीनगर के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया। सीसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार ने स्वागत भाषण देते हुए अभियान की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी साझा की।
उन्होंने कहा कि सतर्कता का अर्थ केवल शिकायतों की जांच करना या गड़बड़ियों पर कार्रवाई करना नहीं है, बल्कि इसे रोजमर्रा के कामकाज का जरूरी हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि सीसीएल के कमांड क्षेत्र के कई विद्यालयों ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी से ईमानदारी और जागरूकता का संदेश व्यापक स्तर तक पहुंचा है।
कोल इंडिया लिमिटेड के मुख्य सतर्कता अधिकारी ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने आयोजन के लिए सीसीएल परिवार की सराहना की। उन्होंने कहा कि कोल इंडिया का हर कर्मचारी कंपनी की पहचान और प्रतिष्ठा से जुड़ा हुआ है। इसलिए प्रत्येक कर्मचारी को अपने कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों का पालन करना चाहिए। किसी भी तरह की अनियमितता को स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि कोल इंडिया भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। सतर्कता अभियान में कर्मचारियों की बढ़ती भागीदारी से संगठन को मजबूती मिल रही है और कंपनी लगातार नए लक्ष्य हासिल कर रही है।
सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी होने के नाते सीसीएल की जिम्मेदारी केवल उत्पादन और परिचालन लक्ष्य पूरा करने तक सीमित नहीं है। सार्वजनिक संसाधनों का सही, जिम्मेदार और पारदर्शी इस्तेमाल भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं का पूरी निष्ठा से पालन करने की अपील की।
उन्होंने कार्यस्थल पर बेहतर समन्वय और सामूहिक प्रयास को प्रभावी सतर्कता का महत्वपूर्ण आधार बताया। इस दौरान उन्होंने अभियान के तहत 1,600 से अधिक यूनिट रक्त संग्रह किए जाने की जानकारी भी दी। उन्होंने इसे सीसीएल परिवार और समाज की सेवा भावना का अच्छा उदाहरण बताया।
निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि किसी भी संगठन की पहचान वहां काम करने वाले कर्मचारियों की ईमानदारी और व्यवहार से बनती है। उन्होंने कर्मचारियों को उनके अधिकारों, जिम्मेदारियों और नियमों की जानकारी देने के लिए नियमित प्रशिक्षण, जागरूकता कार्यक्रम और आपसी संवाद को जरूरी बताया।
‘प्रमाण पोर्टल’ से प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया होगी आसान
समापन समारोह का प्रमुख आकर्षण ‘प्रमाण पोर्टल’ का शुभारंभ रहा। इस पोर्टल के माध्यम से कार्य अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने और उनकी सत्यता की जांच करने की प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाया जा सकेगा। इसके साथ ही एक पुस्तक का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम में अभियान के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं, नोडल अधिकारियों और बेहतर प्रदर्शन करने वाले विभागों को सम्मानित किया गया। सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के तहत हजारीबाग क्षेत्र को प्रथम पुरस्कार दिया गया।
इस मौके पर सीसी एवं पीआर विभाग की ओर से सीसीएल के नए लोगो का आकर्षक ‘आउट्रो’ भी लॉन्च किया गया। उपस्थित लोगों ने इसकी सराहना की।
समारोह का संचालन वरीय प्रबंधक सुगंधा वर्मा और मोहित जैन ने किया। धन्यवाद ज्ञापन के बाद राष्ट्रगान के साथ सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के समापन समारोह का समापन हुआ।

