लोक संवाद में बुजुर्ग दादी की फरियाद पर डीसी का एक्शन, दिव्यांग पोते को सुंदरम स्टील में मिली नौकरी

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

प्रशासन की मानवीय पहल से अभिषेक कुमार को मिला नियुक्ति पत्र, परिवार में छाई खुशी

बोकारो, 03 सितंबर 2026: बोकारो जिला प्रशासन द्वारा आयोजित ‘हम आपको सुनते हैं…’ लोक संवाद कार्यक्रम में अपने दिव्यांग पोते के लिए रोजगार की गुहार लेकर पहुंची बुजुर्ग दादी फेंकनी देवी की फरियाद पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने त्वरित और मानवीय संज्ञान लिया। उपायुक्त की संवेदनशील पहल और संबंधित औद्योगिक इकाई के सकारात्मक सहयोग से महज कुछ ही दिनों के भीतर उनके पोते अभिषेक कुमार को नियुक्ति पत्र सौंप दिया गया।

बोकारो स्टील सिटी अंतर्गत हनुमान नगर (सेक्टर-12) निवासी दिव्यांग अभिषेक कुमार को सुंदरम स्टील प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आधिकारिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया है। अपने आवेदन पर इतनी त्वरित कार्रवाई होने और पोते को सम्मानजनक रोजगार मिलने के बाद बुजुर्ग दादी फेंकनी देवी और उनके पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। उन्होंने इस त्वरित और प्रभावी मदद के लिए जिला प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि ‘हम आपको सुनते हैं…’ लोक संवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केवल आम जनता की समस्याओं को सुनना भर नहीं है, बल्कि जरूरतमंद लोगों की तकलीफों का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने रेखांकित किया कि किसी जरूरतमंद परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना ही प्रशासन और समाज की वास्तविक सफलता है।

उपायुक्त ने सुंदरम स्टील प्रबंधन के प्रति आभार जताते हुए समाज के सक्षम लोगों और अन्य औद्योगिक संस्थानों से भी आगे आकर दिव्यांगों व पीड़ित व्यक्तियों की मदद में सहभागी बनने की अपील की। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन तथा कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *