–लाइव ख़बर नेशन || राजेश मोहन सहाय
बोकारो समाहरणालय में लोक संवाद कार्यक्रम का आयोजन, उप विकास आयुक्त ने 39 मामलों की सुनवाई कर दिए समयबद्ध निष्पादन के निर्देश
बोकारो, 13 अक्टूबर 2026: आम जनता की समस्याओं के त्वरित व पारदर्शी समाधान और प्रशासन से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से मंगलवार को समाहरणालय परिसर में ‘हम आपको सुनते हैं…’ लोक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस जनसुनवाई में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने जिले के शहरी व ग्रामीण अंचलों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 39 मामलों पर गहन सुनवाई की गई।
डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने एक-एक कर सभी आवेदकों की शिकायतों का संज्ञान लिया और उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर आवेदन की निष्पक्ष जांच कर विभागीय नियमों के तहत समय सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि कार्यप्रणाली ऐसी बने जिससे आम नागरिकों को एक ही काम के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। अधिकारी संवेदनशील और जवाबदेह दृष्टिकोण अपनाकर आपसी समन्वय से राहत पहुंचाएं।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि यह कार्यक्रम आम जनता और जिला प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर रहा है, जहां नागरिक सीधे अपनी बात रख सकते हैं। मौके पर प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, प्रभारी पदाधिकारी हेमलता बून, एडीडीएस सुचिता किरण, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार और पीओ माणिक प्रजापति सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

