– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
30 अगस्त को दो केंद्रों पर होगी परीक्षा, डीसी-एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा
बोकारो, 25 अगस्त। नीट पीजी-2026 परीक्षा के सफल, पारदर्शी और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर बोकारो जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 30 अगस्त को जिले के दो परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न कराने के लिए मंगलवार को उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने चास स्थित आयन डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीसी और एसपी ने परीक्षार्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, पेयजल और स्वच्छता समेत परीक्षा संचालन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं की भी समीक्षा की।
जिले में नीट पीजी-2026 परीक्षा के लिए दो केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें आयन डिजिटल जोन, खमारबेन्दी (चंदनकियारी रोड, चास) और क्रिसेंट लैब, गवालाडीह मोड़ (पुरुलिया रोड, पिंड्राजोरा) शामिल हैं। प्रशासन की ओर से दोनों केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
एनबीई के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त अजय नाथ झा ने केंद्र व्यवस्थापकों और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (एनबीई) द्वारा जारी सुरक्षा एवं परीक्षा संचालन संबंधी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र के भीतर और आसपास किसी भी अनधिकृत व्यक्ति की मौजूदगी नहीं होनी चाहिए। परीक्षा की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत संचालित करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा बलों की तैनाती और केंद्र के आसपास सुरक्षा घेरे को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या अनधिकृत गतिविधि को रोकने के लिए चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी धनंजय कुमार समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

