बोकारो पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक रात में 94 फरार अभियुक्त दबोचे गए, 39 भेजे गए जेल

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

222 ठिकानों पर 74 टीमों की छापेमारी, रिकॉल दिखाने पर 55 को छोड़ा; हत्या के आरोपी भी गिरफ्तार

बोकारो, 04 अक्टूबर: अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के तेजी से निपटारे और अदालत से निर्गत वारंटों के तामीले के उद्देश्य से बोकारो पुलिस ने जिले भर में व्यापक समकालीन अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 3 अक्टूबर की रात चलाए गए इस विशेष अभियान में 74 टीमों के 250 पुलिसकर्मियों ने एक साथ 222 संभावित ठिकानों पर सघन दबिश दी। अभियान के दौरान पुलिस ने एक ही रात में कुल 94 फरार अभियुक्तों को पकड़ा। इनमें से 55 लोगों द्वारा अदालत का रिकॉल आदेश प्रस्तुत करने पर उन्हें छोड़ते हुए गैर-जमानती वारंट (NBW) का निष्पादन किया गया, जबकि शेष 39 वारंटियों और वांछित अभियुक्तों को आज न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

गिरफ्तार किए गए 39 अभियुक्तों में 32 थानों और ओपी क्षेत्रों से पकड़े गए 31 वारंटी तथा विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित 8 अभियुक्त शामिल हैं। इस कार्रवाई के तहत पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे कई गंभीर अपराधियों को दबोचा है। वर्ष 2012 से फरार स्थायी वारंटी अशोक कुमार शर्मा (निवासी यदुवंश नगर, चास) को चास थाना कांड संख्या 118/12 में गिरफ्तार किया गया। वहीं जरीडीह थाना कांड संख्या 132/23 के तहत दर्ज हत्या के मामले में वर्ष 2023 से फरार पांच आरोपियों—कुलदीप सिंह, सीता देवी, प्रमिला देवी, कुनु मांझी और जागेश्वर मांझी को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त, महुआटांड़ थाना कांड संख्या 42/2018 के तहत हत्या के मामले में वर्ष 2018 से फरार सुखदेव मांझी को भी दबोच लिया गया, जिसके खिलाफ न्यायालय से कुर्की वारंट निर्गत था।

Verified by MonsterInsights