बीएसएल में सेवानिवृत्त कर्मियों को दी गई भावभीनी विदाई

Live ख़बर

Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher

बोकारो, 28 फरवरी 2026: बोकारो स्टील प्लांट में फरवरी 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों के सम्मान में शनिवार को मानव संसाधन के ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग के मेन ऑडिटोरियम में भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन, अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) राजश्री बनर्जी, अधिशासी निदेशक (माइंस) विकास मनवटी एवं अधिशासी निदेशक (संकार्य) अनुप कुमार दत्त उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनके सुखमय एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) अंजनी कुमार शरण द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर सहायक महाप्रबंधक (मानव संसाधन) डॉ. नन्दा प्रियदर्शिनी ने सेवानिवृत्त कर्मियों को अंतिम निपटान, मैत्री भवन से संबंधित प्रक्रियाओं तथा अन्य आवश्यक औपचारिकताओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रत्येक कर्मी का संक्षिप्त परिचय भी प्रस्तुत किया।

मुख्य अतिथि अनुप कुमार दत्त ने कर्मियों की वर्षों की निष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना करते हुए उन्हें सेवा प्रमाण पत्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि संस्थान की प्रगति में इन कर्मियों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

उल्लेखनीय है कि फरवरी 2026 में बोकारो स्टील प्लांट से कुल 09 अधिशासी एवं 47 अनाधिशासी कर्मी सेवानिवृत्त हो रहे हैं। समारोह का सफल संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. नन्दा प्रियदर्शिनी द्वारा किया गया। कार्यक्रम भावुक क्षणों और आत्मीय संवाद के बीच संपन्न हुआ।

JOIN US

Verified by MonsterInsights