–लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
महावीर कैंसर संस्थान में रोटरी के सेमिनार का उद्घाटन, समय पर जांच और इलाज पर दिया जोर
पटना, 04 अक्टूबर: महावीर कैंसर संस्थान में रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3250 (बिहार एवं झारखंड) की ओर से ‘कैंसर एवं टीबी जागरूकता व रोकथाम’ विषय पर आयोजित सेमिनार के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने कहा कि कैंसर और टीबी जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव और उपचार में जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण है। जब लोगों को बीमारी के लक्षण, बचाव, जांच और उपलब्ध इलाज की सही जानकारी होगी, तभी वे समय पर अस्पताल पहुंच सकेंगे।

राज्यपाल ने कहा कि डॉक्टर अपना काम तभी प्रभावी ढंग से कर सकते हैं जब मरीज समय पर उनके पास पहुंचे। इसके लिए विशेष रूप से ग्रामीण और दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों तक सरल भाषा में स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी पहुंचाना जरूरी है। कोविड-19 महामारी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि उस दौरान प्रभावी संवाद और जागरूकता ने बीमारी से मुकाबले में अहम भूमिका निभाई थी; उसी तरह टीबी और कैंसर के खिलाफ भी व्यापक जन-जागरूकता आवश्यक है। टीवी, रेडियो और सोशल मीडिया के जरिए अंतिम व्यक्ति तक जानकारी पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल आने वाला हर मरीज पहले इंसान और भारतवासी है, इसलिए स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए और हर मरीज की सेवा मानवता के भाव से की जानी चाहिए। कार्यक्रम को जिला कैंसर व टीबी जागरूकता समिति के अध्यक्ष डॉ. एल. बी. सिंह, महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायन कुणाल तथा रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3250 के जिला गवर्नर अनु नारंग ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ पटना मिलेनियम के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
