सीसीएल में हर्षोल्लास से मना स्वतंत्रता दिवस

Live ख़बर

– Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher

गांधीनगर में सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने किया ध्वजारोहण, सुरक्षा जवानों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

रांची, 15 अगस्त 2026। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय सहित कंपनी के सभी क्षेत्रों में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्ष एवं उल्लास के साथ मनाया गया। सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने गांधीनगर कॉलोनी स्थित महात्मा गांधी क्रीड़ांगन में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर सीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों, श्रमिक संघों के प्रतिनिधियों, सीआईएसएफ के पदाधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की मौजूदगी रही।

सीएमडी ने इस अवसर पर सुरक्षा बलों और विद्यार्थियों की परेड का निरीक्षण भी किया। कार्यक्रम में निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा, मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार सहित विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, श्रमिक संघ प्रतिनिधि और सीसीएल कर्मी उपस्थित रहे।

स्वतंत्रता के साथ राष्ट्र निर्माण का संकल्प

सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल आजादी का प्रतीक नहीं, बल्कि एक सशक्त और महान राष्ट्र के निर्माण के संकल्प का भी अवसर है।

उन्होंने कहा कि सीसीएल देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ नए भारत के निर्माण और झारखंड के औद्योगिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

सीएमडी ने कहा कि ‘विकसित भारत-2047’ का लक्ष्य केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं है। इसमें आत्मनिर्भरता, नवाचार, समावेशी विकास, पर्यावरणीय संतुलन और सामाजिक न्याय भी शामिल हैं। सीसीएल देश की ऊर्जा सुरक्षा का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है और कंपनी उत्पादन क्षमता, आधारभूत संरचना तथा तकनीकी दक्षता को लगातार मजबूत कर रही है।

कोयला उत्पादन में करीब 20 प्रतिशत वृद्धि

सीएमडी ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में चालू वित्तीय वर्ष में अब तक सीसीएल के कोयला उत्पादन में करीब 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। कंपनी अपने वार्षिक उत्पादन लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रही है।

उन्होंने बताया कि मगध परियोजना की क्षमता 20 एमटीवाई से बढ़ाकर 24 एमटीवाई की गई है। इसके साथ ही नई परियोजनाओं, फॉरेस्ट लैंड डायवर्जन और रेल साइडिंग के विकास में भी महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

हरित ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण पर जोर

सीसीएल विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दे रहा है। कंपनी के पास वर्तमान में 32.3 मेगावाट की स्थापित सौर ऊर्जा क्षमता है।

बरका-सयाल क्षेत्र में ओवरबर्डन डंप पर स्थापित 5 मेगावाट का सौर ऊर्जा संयंत्र तथा गिरिडीह में 100 मेगावाट क्षमता वाले बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) से युक्त सौर परियोजना कंपनी की हरित ऊर्जा पहल को दर्शाती है।

सीएमडी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में 279 हेक्टेयर के लक्ष्य के मुकाबले 322 हेक्टेयर क्षेत्र में वृक्षारोपण किया गया। इसके अलावा फॉग कैनन, वर्षा जल संचयन, मैकेनिकल रोड स्वीपर्स और आधुनिक पर्यावरणीय निगरानी व्यवस्था के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को मजबूत किया जा रहा है।

140 गांवों को मिल रहा सुरप्लस माइन वाटर का लाभ

सामुदायिक विकास की दिशा में सीसीएल के ‘Surplus Mine Water Utilization’ कार्यक्रम से लगभग 140 गांवों के ढाई लाख लोग लाभान्वित हो रहे हैं।

वहीं, पिपरवार क्षेत्र के बचरा में स्थापित ‘कोल नीर बॉटलिंग प्लांट’ महिलाओं द्वारा संचालित किया जाएगा। इससे महिला सशक्तीकरण के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

सुरक्षा जवानों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

कार्यक्रम के अंत में सीसीएल के सुरक्षा जवानों, सीआईएसएफ, एनसीसी कैडेट्स और विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सुरक्षा जवानों को उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, सीसीएल कमांड एरिया के डीएवी विद्यालयों और केंद्रीय विद्यालयों में कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।

डीएवी गांधीनगर, केंद्रीय विद्यालय और ज्ञानोदय स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।

तिरंगे गुब्बारों से दिया एकता का संदेश

कार्यक्रम के दौरान सीएमडी, निदेशकगण, सीवीओ और अन्य अतिथियों ने तीन रंगों वाले गुब्बारे उड़ाकर देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया।

कार्यक्रम का सीसीएल के आधिकारिक यूट्यूब चैनल के माध्यम से लाइव प्रसारण भी किया गया, जिससे कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारी ऑनलाइन जुड़े।

सीएमडी ने सीसीएल परिवार के परिश्रम, समर्पण और ईमानदारी को नमन करते हुए सभी से सुरक्षा, पारदर्शिता और सतत विकास के मार्ग पर चलते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

दरभंगा हाउस और गांधीनगर अस्पताल में भी ध्वजारोहण

इससे पूर्व सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने दरभंगा हाउस परिसर और गांधीनगर अस्पताल में ध्वजारोहण किया तथा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।