छपरा मंडल कारा पहुंचे डीएम और एसएसपी, ‘बंदी दरबार’ लगाकर सुनीं समस्याएं

Live ख़बर

-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

परिजनों से मुलाकात के लिए बनेगा डेडिकेटेड हेल्प डेस्क, सुरक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्था पर दिए कड़े निर्देश

छपरा (सारण), 23 सितंबर: जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने मंगलवार को छपरा मंडल कारा का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों के आवासन, खान-पान, स्वास्थ्य सुविधाओं, मुलाकाती प्रक्रिया और साफ-सफाई का गहन जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारा परिसर में पौधरोपण भी किया।

निरीक्षण के क्रम में ‘बंदी दरबार’ का आयोजन किया गया, जहां बंदियों ने अपनी समस्याओं और मामलों से संबंधित आवेदन प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए नियमानुसार त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने बंदियों को आश्वस्त किया कि पुलिस अनुसंधान से संबंधित मामलों में आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने और विचारण प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए पुलिस स्तर से पूरा सहयोग दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने जेल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि परिजनों से मुलाकात को सुलभ बनाने के लिए एक ‘डेडिकेटेड हेल्प डेस्क’ और विशेष मोबाइल नंबर जारी किया जाए, ताकि परिजनों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही खुले बिजली तारों की तत्काल क्लोज्ड वायरिंग कराने, सीसीटीवी फुटेज का नियमित संधारण करने, बंदियों के कपड़े व बिस्तर की धुलाई के समुचित इंतजाम, बच्चों के नियमित स्वास्थ्य व टीकाकरण तथा कचरा प्रबंधन को दुरुस्त रखने के कड़े निर्देश दिए गए। आवासीय भवनों के सत्यापन के लिए एसडीओ और सीडीपीओ को जिम्मेदारी सौंपी गई।

Verified by MonsterInsights