IIT पटना में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान

Live ख़बर

– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

800 नवप्रवेशी विद्यार्थियों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों की दी गई जानकारी, दिलाई गई ‘नशा मुक्ति शपथ’

पटना, 03 अगस्त । मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, बिहार (P&SNCB) की ओर से सोमवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) पटना में मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव एवं नशा मुक्ति विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 800 नवप्रवेशी (फ्रेशर्स) विद्यार्थियों ने भाग लिया और नशा मुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में आईआईटी पटना के निदेशक प्रो. त्रिलोकनाथ सिंह, डीआईजी अजय कुमार पांडेय, एएसपी इमरान परवेज, वरीय पुलिस उपाधीक्षक ओम प्रकाश सिंह, पुलिस उपाधीक्षक रमेश कुमार मिश्रा सहित मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

डीआईजी अजय कुमार पांडेय

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही नशे की रोकथाम, इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों तथा समाज में युवाओं की जिम्मेदारी पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

अधिकारियों ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे न केवल स्वयं नशे से दूर रहें, बल्कि अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर भारत सरकार द्वारा निर्धारित “नशा मुक्ति शपथ” दिलाई गई। विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।