नीतीश कुमार ने बैकठपुर मंदिर में किया जलाभिषेक

Live ख़बर

एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

भगवान शिव की पूजा कर बिहार की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की

पटना/खुसरूपुर। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने रविवार को खुसरूपुर प्रखंड के बैकठपुर स्थित ऐतिहासिक एवं प्राचीन श्रीगौरीशंकर बैकुंठनाथ मंदिर में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने बिहार की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की।

पुजारियों ने कराया विधिवत पूजन

मंदिर पहुंचने पर पुजारी राम बाबू पंडा और उनके पुत्र चंदन पांडेय ने नीतीश कुमार को भगवान शिव एवं माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। जलाभिषेक के बाद उन्होंने मंदिर में पूजा कर राज्य की खुशहाली और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की।

पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का नीतीश कुमार ने हाथ जोड़कर अभिवादन किया। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

मंदिर परिसर में जुटी भीड़

नीतीश कुमार के बैकठपुर मंदिर पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और श्रद्धालु उन्हें देखने के लिए मंदिर परिसर में जुटे। इस दौरान लोगों में उनके आगमन को लेकर काफी उत्सुकता देखी गई।

नीतीश कुमार के मंदिर आगमन को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में प्रशासनिक स्तर पर विशेष निगरानी रखी गई।