-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
स्रोत पर कचरा पृथक्करण को बढ़ावा, कार्यकारी निदेशक सी. सत्य रामाकृष्ण की मौजूदगी में हुआ वितरण
बाढ़ (पटना), 25 सितंबर: “स्वच्छ भारत, विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से बाढ़ एनटीपीसी परिसर में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के अंतर्गत विशेष जागरूकता व स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के तहत गत 21 सितंबर को शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में गीले एवं सूखे कचरे के अलग-अलग संग्रह हेतु दो-खंडीय डस्टबिन का वितरण किया गया।
यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य कचरे को उसके स्रोत (घरों व दुकानों) पर ही अलग-अलग संग्रहित करने की आदत को बढ़ावा देना तथा पर्यावरण संरक्षण में आमजनों व कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित करना है।
डस्टबिन वितरण के दौरान परियोजना के कार्यकारी निदेशक सी. सत्य रामाकृष्ण, श्रीमती वंदना चतुर्वेदी, विल्सन अब्राहम, भूपेश कश्यप तथा नबीनगर से पधारे नागेंद्र कुमार शर्मा सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के तहत परिसर में कार्यरत सभी कर्मचारियों को दो-खंडीय डस्टबिन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि दैनिक जीवन में सूखे और गीले कचरे के सही निस्तारण को प्रोत्साहित किया जा सके।
