पटना में खाद्य संरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन: कोजी स्वीट्स का लाइसेंस निलंबित, कई मिठाई कारखानों पर ताला

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

हरि लाल, पटना बिरयानी महल और बीकानेर में भी जांच, भारी मात्रा में खराब सामग्री और दूषित मिठाइयां नष्ट

पटना, 12 अक्टूबर 2026: आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए आम जनता को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य संरक्षा विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने पटना के अलग-अलग इलाकों में मिठाई दुकानों, खाद्य विनिर्माण इकाइयों और रेस्तरां में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन, एक्सपायरी व दूषित सामग्री के भंडारण और गंदगी मिलने पर कड़ी कार्रवाई की गई। विभाग ने कई प्रतिष्ठानों के लाइसेंस रद्द और निलंबित किए हैं, वहीं बड़ी मात्रा में खराब खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई गई।

बुद्धा कॉलोनी स्थित मेसर्स कोजी स्वीट्स कारखाने में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है और संचालक से तीन दिनों में स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसी इलाके के मेसर्स स्वीट होम कारखाने में एक्सपायरी बेसन, मैदा और आटा मिलने पर लाइसेंस रद्द कर दिया गया तथा 70 किलो एक्सपायरी बेसन नष्ट कराया गया। इसके अलावा मेसर्स स्वीट होम कन्फेक्शनरी कारखाने में एक्सपायरी कस्टर्ड पाउडर और बेकिंग पाउडर मिलने पर उसका लाइसेंस भी रद्द कर दिया गया। रामकृष्ण नगर स्थित मेसर्स शिवम स्वीट्स में लगभग एक लाख रुपये मूल्य की 630 किलो कलाकंद, 10 किलो बर्फी और 5 किलो लड्डू जब्त कर नष्ट कराए गए। यहां मिठाई बनाने में स्किम्ड मिल्क पाउडर का इस्तेमाल हो रहा था, जिस पर 14 दिनों का सुधार नोटिस जारी किया गया।

जांच के दौरान इंदिरा नगर स्थित मेसर्स नेहा ट्रेड्स में सड़ा हुआ और फंगस लगा स्किम्ड मिल्क पाउडर, सूजी और दूषित मिठाइयां मिलने पर उन्हें नष्ट कराया गया। इधर पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र स्थित हरि लाल वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड में ड्रेनेज सिस्टम और साफ-सफाई में खामियां मिलने पर 14 दिनों का सुधार नोटिस दिया गया। बुद्ध मार्ग स्थित पटना बिरयानी महल में पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड, पानी की जांच रिपोर्ट और कर्मियों के मेडिकल सर्टिफिकेट न मिलने पर सुधार के निर्देश जारी किए गए। वहीं पाटलिपुत्र स्थित बीकानेर कारखाने में एक्सपायरी तिथि के करीब पहुंचे वेफर्स को नष्ट कराया गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरी रोकने और लोगों की सेहत की सुरक्षा के लिए यह जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights