– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
अधिकारियों ने छात्रों से किया सीधा संवाद, एक माह में शिकायतों के निस्तारण का दिया भरोसा; स्टार्टअप सेल और लाइब्रेरी का किया निरीक्षण
छपरा (सारण), 25 अगस्त: लोक नायक जय प्रकाश नारायण प्रौद्योगिकी संस्थान (छपरा इंजीनियरिंग कॉलेज) में सारण जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ का उद्घाटन किया। अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को सुना और एक माह के भीतर उनके समाधान का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि यह शिविर विद्यार्थियों की समस्याओं को सामने लाने और उनके प्रभावी समाधान का महत्वपूर्ण मंच है। छात्र अपनी समस्याएं पोर्टल अथवा शिविर के जरिए दर्ज करा सकते हैं। कॉलेज स्तर की समस्याओं का समाधान प्रबंधन करेगा, जबकि जिला प्रशासन स्तर के मामलों पर संबंधित विभाग त्वरित कार्रवाई करेंगे। एक छात्रा के सुझाव पर उन्होंने कॉलेज में एनसीसी (NCC) यूनिट की स्थापना की दिशा में शीघ्र पहल करने के निर्देश दिए। कैंटीन व्यवस्था को लेकर प्राचार्य ने बताया कि पौष्टिक व गुणवत्तापूर्ण भोजन सुनिश्चित करने के लिए चार सदस्यीय फूड कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें फैकल्टी के साथ प्रत्येक ब्रांच के दो छात्र भी शामिल होंगे।

वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने कहा कि वे और जिला पदाधिकारी दोनों ही इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि से हैं, जिससे छात्रों के साथ स्वाभाविक जुड़ाव महसूस होता है। आज के युवा ऊर्जावान और जागरूक हैं। यह शिविर प्रशासन और विद्यार्थियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम के समापन पर धन्यवाद ज्ञापन के बाद अधिकारियों ने कॉलेज के स्टार्टअप सेल और लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। डीएम ने नवाचारों की सराहना की और पुस्तकालय में छात्रों की जरूरत के अनुसार नई किताबें व अध्ययन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

