– रंजीत प्रसाद सिन्हा की रिपोर्ट
पटना जीपीओ में मांगों को लेकर प्रदर्शन, रिक्त पद भरने और कार्य-दबाव खत्म करने की उठी आवाज
पटना, 13 अगस्त 2026। ज्वाइंट काउंसिल ऑफ पोस्टल एम्प्लॉइज, बिहार सर्किल के आह्वान पर गुरुवार को पटना जीपीओ कैंपस स्थित मेघदूत भवन के सामने डाक कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना दिया। धरने में नेशनल फेडरेशन ऑफ पोस्टल एम्प्लॉइज (NFPE) से संबद्ध विभिन्न विंगों के सर्किल सचिवों के साथ बड़ी संख्या में डाक कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार एवं डाक विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
कर्मचारी संगठनों ने रखीं प्रमुख मांगें
धरने के दौरान कर्मचारियों ने NFPE एवं AIPEU Gr. ‘C’ की मान्यता बहाल करने, कैडर मर्जर एवं पुनर्गठन पर रोक लगाने, RMS एवं MMS के हितों की रक्षा करने और रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग की।
इसके अलावा कार्य-दबाव और लक्ष्य थोपने की नीति समाप्त करने, ग्रामीण डाक सेवकों (GDS) के हितों की रक्षा करने, 50 प्रतिशत महंगाई भत्ते (DA) को मूल वेतन में विलय कर अंतरिम राहत देने तथा 8वें वेतन आयोग में GDS को शामिल करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
धरने के मुख्य संयोजक एवं AIPAOEU Gr. ‘C’ सहित MTS के सर्किल सचिव शैलेश्वर सिंह ने कहा कि कर्मचारियों की मांगें न्यायसंगत हैं और सरकार को इनका शीघ्र समाधान करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता भी अपनाया जा सकता है।
All India RMS & MMS Employees Union Gr. ‘C’ के सर्किल सचिव विजीत कुमार ने RMS कर्मचारियों की समस्याओं को उठाते हुए RMS सेक्शन को मजबूत करने, बंदी या मर्जर पर रोक लगाने, पर्याप्त मानवबल उपलब्ध कराने और कर्मचारियों पर बढ़ते कार्य-दबाव को कम करने की मांग की।
पोस्टमैन और MTS के कार्य-दबाव का मुद्दा
धरने के सह-संयोजक एवं Postman & MTS Union के सर्किल सचिव कुंदन कुमार सिंह ने पोस्टमैन और MTS कर्मचारियों पर बढ़ते कार्य-दबाव तथा अव्यावहारिक लक्ष्यों का मुद्दा उठाया। उन्होंने रिक्त पदों को भरने और कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियों में सुधार की मांग की।
वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा। डाक सेवा को प्रभावी और बेहतर बनाने के लिए कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं का समाधान आवश्यक है।
एकजुटता के साथ संघर्ष जारी रखने का ऐलान
धरने के अंत में कर्मचारी नेताओं ने सरकार और डाक विभाग को चेतावनी दी कि मांगों के समाधान तक कर्मचारियों की एकजुटता के साथ आंदोलन जारी रहेगा।
धरना स्थल पर कर्मचारियों ने “एक होकर रहेंगे-हक लेकर रहेंगे”, “कर्मचारी एकता-जिंदाबाद” और “संयुक्त संघर्ष-जिंदाबाद” जैसे नारे लगाए।

