शहीद एतवा उरांव फुटबॉल टूर्नामेंट: रोमांचक मुकाबलों के बीच चार टीमें क्वार्टर फाइनल में

Live ख़बर

– राजेश मोहन सहाय की रिपोर्ट

एनएफसी पोखरटोली और एसके ब्रदर्स ने कड़े संघर्ष के बाद बनाई अगले दौर में जगह

रांची, 2 सितंबर 2026: शहीद एतवा उरांव स्मारक न्यास के तत्वावधान में मांडर प्रखंड के बुढ़ाखुखरा खेल मैदान में आयोजित शहीद एतवा उरांव फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पहले और दूसरे चक्र के मैचों में खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

दिन के पहले मुकाबले में एनएफसी पोखरटोली ने एकतरफा खेल दिखाते हुए 11 जेन जी को 3-0 से हराया। दूसरे मैच में ट्रेवल एफए झिंझरी ने कड़े मुकाबले के बाद टाईब्रेकर में 11 स्टार सतकानंदू को 5-4 से पराजित किया। तीसरे मैच का फैसला भी टाईब्रेकर से हुआ, जिसमें डायमंड एफसी सरगांव ने टीवीएस शोरूम मांडर को 5-4 से मात दी। चौथे मुकाबले में एसके ब्रदर्स ने लोयो सुपर किंग को 1-0 से हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया।

दूसरे चक्र के मुकाबलों में एनएफसी पोखरटोली ने बेहद संघर्षपूर्ण टाईब्रेकर में ट्रेवल एफए झिंझरी को 6-5 से हराकर क्वार्टर फाइनल का टिकट कटाया। वहीं एसके ब्रदर्स ने डायमंड एफसी सरगांव को 1-0 से शिकस्त देकर अंतिम आठ में प्रवेश सुनिश्चित किया। इससे पूर्व संत जेवियर कॉलेज मांडर और जय मसीह लोयो की टीमें पहले ही क्वार्टर फाइनल में पहुँच चुकी हैं। टूर्नामेंट में अब तक कुल चार टीमें क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं।