जरीडीह के बारू मोड़ दुर्घटना स्थल का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

हादसों पर लगाम के लिए रंबल स्ट्रिप्स, स्पीड ब्रेकर और स्पीड लिमिट साइनेज लगाने का सुझाव

बोकारो, 2 सितंबर 2026: जरीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बारू मोड़ के समीप लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से पुलिस और सड़क सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों की टीम ने दुर्घटना स्थल का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया।

इस निरीक्षण दल में डीएसपी ट्रैफिक (बोकारो), ट्रैफिक इंस्पेक्टर (बोकारो), जरीडीह थाना प्रभारी तथा सड़क सुरक्षा पदाधिकारी विशाल पाठक शामिल रहे। अधिकारियों ने दुर्घटना संभावित क्षेत्र का बारीकी से मुआयना किया और हादसों के मुख्य कारणों की समीक्षा की।

सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिए अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश और सुझाव दिए। इनमें दुर्घटना स्थल के दोनों तरफ रंबल स्ट्रिप्स का निर्माण, दृष्टिबाधा उत्पन्न करने वाली सड़क किनारे की झाड़ियों व पेड़ों की छंटाई (ट्री ट्रिमिंग), एनएच 23 की ओर आने वाली संपर्क सड़कों पर मानक स्पीड ब्रेकर लगाने तथा वाहन चालकों को सचेत करने के लिए पर्याप्त संख्या में स्पीड लिमिट साइनेज (गति सीमा संकेतक) लगाना प्रमुख रूप से शामिल है।