मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ऊर्जा विभाग में 2390 नवचयनित अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, पम्प्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट पर भी हुआ समझौता

Live ख़बर

News Desk

पटना, 16 दिसंबर 2025: मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने विद्युत भवन में आयोजित कार्यक्रम में ऊर्जा विभाग के अंतर्गत बिहार स्टेट पावर (होल्डिंग) कंपनी लिमिटेड एवं इसकी अनुषंगी कंपनियों में चयनित 2390 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 1810 तकनीशियन, 512 पत्राचार लिपिक एवं 68 भंडार सहायक शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से तीन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए सभी चयनित युवाओं को बधाई दी और पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के समक्ष राज्य में पम्प्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट की स्थापना को लेकर एकरारनामा पर हस्ताक्षर भी किया गया। नवादा जिले में प्रस्तावित इन परियोजनाओं की कुल ऊर्जा भंडारण क्षमता 14,281 मेगावाट होगी, जिससे राज्य में ऊर्जा सुरक्षा, ग्रिड स्थिरता और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। परियोजनाओं में लगभग 13 हजार करोड़ रुपये का निवेश तथा निर्माण चरण में करीब 8 हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने विद्युत भवन स्थित स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और रियल टाइम मॉनिटरिंग के माध्यम से राज्य में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

कार्यक्रम में दोनों उप मुख्यमंत्री, ऊर्जा मंत्री, वरीय अधिकारी, बिजली कंपनियों के पदाधिकारी एवं नवचयनित अभ्यर्थी उपस्थित थे।