पटना में 4.75 लाख पेंशनधारियों को मिला पेंशन लाभ

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

जुलाई की 54.04 करोड़ रुपये की पेंशन राशि DBT से खातों में हस्तांतरित, डीएम ने लाभुकों से किया संवाद

पटना, 10 अगस्त। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत पटना जिले के 4,75,752 पेंशनधारियों को जुलाई माह की पेंशन राशि का लाभ मिला। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन की मासिक राशि का प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से राज्य के पेंशनधारियों के बैंक खातों में हस्तांतरण किया गया। इस अवसर पर पटना समाहरणालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभुक शामिल हुए। पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने बताया कि जिले में संचालित सामाजिक सुरक्षा की छह प्रकार की पेंशन योजनाओं के तहत कुल 4,75,752 पेंशनधारियों के खातों में जुलाई माह की पेंशन राशि के रूप में 54 करोड़ 4 लाख 71 हजार रुपये DBT के माध्यम से हस्तांतरित किए गए हैं।

जरूरतमंद वर्गों के लिए आर्थिक संबल

जिलाधिकारी ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं समाज के जरूरतमंद, वंचित और कमजोर वर्गों को आर्थिक संबल प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। पेंशन राशि का नियमित और पारदर्शी तरीके से सीधे लाभुकों के बैंक खातों में हस्तांतरण वित्तीय समावेशन, पारदर्शिता और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करता है।

उन्होंने कहा कि पेंशन राशि से लाभुकों को दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायता मिलती है। इससे उनके जीवन में आर्थिक स्थिरता के साथ आत्मसम्मान की भावना भी मजबूत होती है।

पेंशनधारियों से डीएम ने किया संवाद

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने उपस्थित पेंशनधारियों से संवाद किया और योजनाओं के क्रियान्वयन एवं उन्हें मिल रहे लाभ की जानकारी ली। पेंशनधारियों ने सरकार की पहल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 1,100 रुपये की मासिक पेंशन उनके लिए आर्थिक सहारा है।

कार्यक्रम स्थल पर पेंशनधारियों में सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़े सरकारी प्रयासों को लेकर उत्साह और खुशी का माहौल रहा।

पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचे लाभ

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ सभी पात्र लाभुकों तक समयबद्ध, पारदर्शी और सुगम तरीके से पहुंचे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लाभुकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने का निर्देश दिया।

कार्यक्रम में पटना के उप विकास आयुक्त शुभम कुमार सहित जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभुक उपस्थित रहे।

Verified by MonsterInsights