Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher
पटना | 24 जनवरी 2026
भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती के अवसर पर बिहार विधान मंडल परिसर, पटना में आयोजित राजकीय समारोह में माननीय राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं विजय कुमार सिन्हा सहित राज्य सरकार के मंत्रीगण, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार तथा अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भी जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

सादगी और सामाजिक न्याय के प्रतीक
समारोह के दौरान जननायक कर्पूरी ठाकुर के सादगीपूर्ण जीवन, सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और जनकल्याणकारी नीतियों को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर का संपूर्ण जीवन वंचितों, पिछड़ों और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के उत्थान को समर्पित रहा, जो आज भी प्रेरणा का स्रोत है।
सांस्कृतिक प्रस्तुति से सजी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों द्वारा आरती-पूजन किया गया। इसके साथ ही जननायक कर्पूरी ठाकुर के व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित गीतों की प्रस्तुति हुई, जिसने पूरे वातावरण को भावनात्मक बना दिया। समारोह में बिहार गीत की प्रस्तुति ने कार्यक्रम को गरिमा और सांस्कृतिक पहचान प्रदान की।
राजकीय सम्मान के साथ मनाई गई यह जयंती जननायक कर्पूरी ठाकुर के विचारों और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनी।
