पूर्व मंत्री पूर्णमासी राम के निधन पर मुख्यमंत्री ने जताया शोक

Live ख़बर

Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher

पटना, 26 फरवरी 2026: राज्य के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ नेता पूर्णमासी राम के निधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि पूर्णमासी राम एक कुशल राजनेता और समर्पित समाजसेवी थे, जिन्होंने लंबे समय तक जनसेवा के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे वर्ष 1990 से लगातार पांच बार बगहा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके थे। इसके अलावा गोपालगंज लोकसभा सीट से सांसद के रूप में भी उन्होंने क्षेत्र और राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाई।

उन्होंने अपने संदेश में उल्लेख किया कि पूर्णमासी राम मृदुभाषी, सरल स्वभाव और जनसरोकारों से जुड़े नेता थे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।

राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

सरकार की ओर से जानकारी दी गई है कि दिवंगत नेता का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन घड़ी में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना ईश्वर से की है।