रामनवमी को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

Live ख़बर

Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher

बोकारो, 25 मार्च 2026 (बुधवार)

आगामी रामनवमी महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बोकारो जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। बुधवार को उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया।

निरीक्षण की शुरुआत जिला कंट्रोल रूम से करते हुए अधिकारियों ने सेक्टर-1 स्थित राम मंदिर, भर्रा बस्ती, चास नगर निगम क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों, आईटीआई मोड़, सिवनडीह और ऋतुडीह जैसे इलाकों का दौरा किया। इस दौरान जुलूस मार्गों की भौगोलिक स्थिति, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा मानकों की बारीकी से समीक्षा की गई, ताकि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रहे।

सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी

उपायुक्त श्री झा ने स्पष्ट किया कि प्रशासन डिजिटल सर्विलांस के माध्यम से सोशल मीडिया की गतिविधियों पर पैनी नजर रख रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपनी आस्था पर ध्यान केंद्रित करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें। मीडिया कर्मियों से भी अपील की गई कि भ्रामक सूचना मिलने पर तुरंत कंट्रोल रूम को सूचित करें, जिससे त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

ड्रोन और पुलिस मित्रों की तैनाती

पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने बताया कि जिले में अतिरिक्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों और जुलूस मार्गों की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी का व्यापक उपयोग किया जाएगा।
साथ ही “पुलिस मित्र” व्यवस्था लागू की गई है, जिसमें सादे कपड़ों में तैनात लोग भीड़ के बीच रहकर प्रशासन और जनता के बीच समन्वय बनाएंगे।

बुनियादी सुविधाओं पर भी जोर

प्रशासन ने नगर निगम और संबंधित विभागों को साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने विभिन्न अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों से संवाद कर अनुशासित तरीके से शोभायात्रा निकालने की अपील की।

इस दौरान अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, एसडीओ चास प्रांजल ढांडा और नगर पुलिस उपाधीक्षक आलोक रंजन सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारे और शांति के साथ पर्व मनाने की अपील की है।