विश्व पर्यावरण दिवस पर सीसीएल का भव्य आयोजन

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

‘Nature’s Voice Vol-4’ का विमोचन, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने वाले बच्चों और कर्मियों को किया गया सम्मानित

रांची, 05 जून 2026 : विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय, रांची स्थित गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर के संगम सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी, बच्चे एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं वृक्षारोपण के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया तथा कोल इंडिया गीत का सामूहिक गायन प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को समर्पित पुस्तक ‘Nature’s Voice Vol-4’ का विमोचन भी किया गया। साथ ही उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा ने सभी को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए ‘जीरो प्लास्टिक’ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एकल-उपयोग प्लास्टिक सामग्री के प्रयोग को कम करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने महात्मा गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि पृथ्वी सभी की आवश्यकताओं को पूरा कर सकती है, लेकिन किसी एक व्यक्ति के लालच को नहीं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर बल दिया।

मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज वैश्विक चुनौती बन चुका है। उन्होंने बढ़ते तापमान और जलवायु परिवर्तन पर चिंता व्यक्त करते हुए वर्षा जल संरक्षण को अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने “Each One, Teach One” का संदेश देते हुए सभी से पर्यावरण संरक्षण के प्रति कम-से-कम एक अन्य व्यक्ति को जागरूक करने का आग्रह किया। उन्होंने खाली स्थानों पर पौधारोपण कर हरित वातावरण बनाने का भी आह्वान किया।

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित पेंटिंग, स्लोगन लेखन एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चों को समारोह में सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त सीसीएल कर्मियों के लिए आयोजित पर्यावरण जागरूकता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के अंत में विभागाध्यक्ष (पर्यावरण/वन) प्रणव कुमार सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान सीसीएल द्वारा पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की जानकारी भी साझा की। कार्यक्रम का संचालन महाप्रबंधक (पर्यावरण) संगीता ने किया।

सीसीएल प्रबंधन ने कहा कि कंपनी अपने सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और सतत भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है। विभिन्न पर्यावरणीय पहलों और जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश पहुंचाने का कार्य जारी रहेगा।

Verified by MonsterInsights