Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
सीसीएल प्रबंधन ने कर्मचारियों, पूर्व कर्मचारियों और हितधारकों की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित किया विशेष शिविर
पिपरवार, 10 जून 2026। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के निदेशालय (मानव संसाधन प्रबंधन) के तत्वावधान में मंगलवार को पिपरवार क्षेत्र में शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों, पूर्व कर्मचारियों, उनके आश्रितों, ठेकेदारों एवं अन्य हितधारकों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाप्रबंधक (समाधान प्रकोष्ठ) सुमन रस्तोगी ने की। इस अवसर पर मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन) गौतम चौधरी, मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन) तेजविंदर सिंह, स्टाफ अधिकारी (मानव संसाधन) पिपरवार क्षेत्र सहित मानव संसाधन विभाग के अधिकारी, स्टाफ अधिकारी (सिविल), खनन विभाग के प्रतिनिधि तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक चले इस शिविर में कर्मचारियों, पूर्व कर्मचारियों, उनके आश्रितों, ठेकेदारों एवं अन्य हितधारकों ने अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे। शिविर के दौरान कुल 38 शिकायतें दर्ज की गईं।
प्राप्त शिकायतों में आवास (क्वार्टर) अनुरक्षण, अनुकम्पा नियुक्ति, सीएमपीएफ से संबंधित ऑनलाइन डाटा अद्यतन तथा अन्य सेवा संबंधी मुद्दे प्रमुख रहे। सभी शिकायतों का विधिवत पंजीकरण किया गया तथा कई मामलों में संबंधित व्यक्तियों को मौके पर ही आवश्यक जानकारी एवं समाधान उपलब्ध कराया गया।
प्रबंधन की ओर से बताया गया कि शेष मामलों का नियमानुसार परीक्षण कर औपचारिक उत्तर के साथ उनका यथोचित निस्तारण किया जाएगा।
शिविर प्रबंधन एवं हितधारकों के बीच प्रत्यक्ष संवाद का एक प्रभावी मंच साबित हुआ। सीसीएल प्रबंधन का मानना है कि इस प्रकार के आयोजन न केवल शिकायतों के त्वरित समाधान में सहायक हैं, बल्कि पारदर्शी प्रशासन एवं कर्मचारी कल्याण के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को भी मजबूत करते हैं।
शिविर के सफल आयोजन से कर्मचारियों और अन्य हितधारकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एक सुलभ और प्रभावी माध्यम प्राप्त हुआ, जिससे प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच संवाद को नई मजबूती मिली है।
