Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
‘कुलाधिपति संवाद’ कार्यक्रम शुरू करने, विदेशी भाषाओं के अध्ययन और विद्यार्थियों की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने पर दिया जोर
पटना, 11 जून 2026। बिहार के राज्यपाल सह कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने गुरुवार को बिहार लोक भवन में बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर (भागलपुर) की शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं अन्य गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों और शिक्षकों के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग ‘कुलाधिपति संवाद’ कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया।
राज्यपाल ने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों को अपनी समस्याएं, सुझाव, आकांक्षाएं और विचार सीधे कुलाधिपति के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा। साथ ही कुलाधिपति भी अपने विजन और अपेक्षाओं से उन्हें अवगत करा सकेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच तथा जूनियर, सीनियर और पूर्ववर्ती विद्यार्थियों के बीच नियमित संवाद और सहभागिता को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
विद्यार्थियों की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को मजबूत बनाने की जरूरत पर जोर देते हुए राज्यपाल ने निर्देश दिया कि विश्वविद्यालयों में, विशेषकर स्नातक स्तर पर, अंग्रेजी के साथ कम-से-कम एक विदेशी भाषा के अध्ययन-अध्यापन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि निर्धारित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को संबंधित भाषा का प्रमाणपत्र प्रदान किया जाए।
समीक्षा बैठक में राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों को पूर्ववर्ती विद्यार्थियों (एलुमनाई) के प्लेसमेंट और रोजगार संबंधी अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने का निर्देश दिया, ताकि स्नातकों की व्यावसायिक उपलब्धियों और रोजगार की स्थिति का बेहतर आकलन किया जा सके।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व पर बल देते हुए रद्दी कागजों के पुनर्चक्रण (रिसाइक्लिंग) को बढ़ावा देने तथा क्षय रोग (टीबी) से पीड़ित अधिकाधिक मरीजों को गोद लेकर उनकी सहायता और देखभाल सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।
राज्यपाल ने बिहार कृषि विश्वविद्यालय को अपने फैकल्टी ट्रेनिंग सेंटर के माध्यम से अधिकाधिक प्रशिक्षण एवं शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी, गया, दानापुर छावनी तथा अन्य उपयुक्त स्थलों पर ‘सिंदूर पार्क’ जैसी नवाचारपरक परियोजनाओं के विकास की संभावनाओं पर कार्य करने का सुझाव दिया।

बैठक के दौरान कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक उपलब्धियों, नवाचारों, श्रेष्ठ कार्य-पद्धतियों, भावी योजनाओं तथा चुनौतियों की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर राज्यपाल ने 27 और 28 जून 2026 को बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में आयोजित होने वाले ‘राष्ट्रीय आम समागम-2026’ के लोगो का अनावरण किया तथा कार्यक्रम से संबंधित ब्रोशर का विमोचन भी किया।
बैठक में राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह, बिहार कृषि विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, राज्यपाल सचिवालय के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
