ओएनजीसी ने 10 दिव्यांगों को दी बैटरी संचालित ट्राईसाइकिल

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

सीएसआर पहल के तहत आयोजित समारोह में उपायुक्त और ओएनजीसी अधिकारियों ने लाभार्थियों को सौंपी ट्राईसाइकिल

बोकारो, 11 जून 2026। ओएनजीसी सीबीएम परिसंपत्ति, बोकारो द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय, बोकारो में 10 दिव्यांग लाभार्थियों के बीच बैटरी ऑपरेटेड ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया। आयोजित समारोह में उपायुक्त बोकारो अजय नाथ झा और ओएनजीसी के परिसंपत्ति प्रबंधक राजीव कुमार सिन्हा ने संयुक्त रूप से लाभार्थियों को ट्राईसाइकिल प्रदान की।

कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना, उनकी गतिशीलता बढ़ाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में प्रोत्साहित करना था। समारोह में उपस्थित लाभार्थियों और उनके परिजनों ने इस पहल की सराहना की।

इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने ओएनजीसी द्वारा किए जा रहे सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों की प्रशंसा करते हुए संस्था को इस पहल के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की योजनाएं दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

परिसंपत्ति प्रबंधक राजीव कुमार सिन्हा ने लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ओएनजीसी दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कंपनी भविष्य में भी समाज के जरूरतमंद वर्गों के कल्याण हेतु विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रम संचालित करती रहेगी।

समारोह में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, चास अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढांढा, ओएनजीसी सीबीएम परिसंपत्ति के प्रमुख मानव संसाधन दयानंद कालूंदिया, उपमहाप्रबंधक एवं सीएसआर प्रभारी डॉली कुमारी, मुख्य प्रबंधक अनोखेलाल, प्रभारी कॉर्पोरेट संचार अजय कुमार दास, प्रबंधक (मानव संसाधन) अमरजीत प्रताप, वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी सह एफपीआर शशि शेखर तथा वरिष्ठ मानव संसाधन अधिकारी अमित रोशन होरो सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन के साथ ओएनजीसी ने एक बार फिर सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया और दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।