Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
सीसीएल मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विवाह सामग्री एवं नकद सहायता प्रदान कर बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई
रांची, 13 जून 2026। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय के गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर स्थित संगम सभागार में अर्पिता महिला मंडल द्वारा सामाजिक सरोकारों को समर्पित एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत विवाह योग्य एवं जरूरतमंद बेटी-दुल्हनों को विवाह सहायता सामग्री और आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में रीता तिवारी, रूपा रानी, रीता मिश्रा एवं नीरू हंजूरा का विशेष योगदान रहा।
इस पहल के अंतर्गत सीसीएल के 15 क्षेत्रों से चयनित 15 बेटी-दुल्हनों तथा मुख्यालय से चयनित एक बेटी-दुल्हन सहित कुल 16 लाभार्थियों को विवाह सहायता प्रदान की गई। क्षेत्रीय महाप्रबंधकों एवं मुख्यालय के सहयोग से प्रत्येक लाभार्थी को अलमारी, एयर बैग, साड़ी, चुन्नी, तौलिया, सुहाग पोटली एवं फलों की टोकरी भेंट की गई।
इसके अलावा सभी बेटी-दुल्हनों को नकद सहायता राशि भी प्रदान की गई। अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह ने अपने स्नेह और आशीर्वाद के प्रतीक स्वरूप अतिरिक्त आर्थिक सहयोग प्रदान कर नवजीवन की शुरुआत करने जा रही बेटियों का उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में प्रीति सिंह ने कहा कि अर्पिता महिला मंडल समाज के वंचित एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि मंडल समय-समय पर जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास करता है और भविष्य में भी सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
सहायता सामग्री एवं आशीर्वाद प्राप्त कर सभी बेटी-दुल्हनें भावुक और प्रसन्न दिखाई दीं। उनके चेहरों पर आत्मविश्वास, संतोष और नए जीवन की उम्मीदों की झलक स्पष्ट दिखाई दे रही थी। लाभार्थियों ने अर्पिता महिला मंडल तथा सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह पहल समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के प्रति संवेदनशीलता, सहयोग और मानवीय मूल्यों को सशक्त करने का उत्कृष्ट उदाहरण है। अर्पिता महिला मंडल का यह प्रयास बेटी-दुल्हनों के जीवन में सम्मान, आत्मविश्वास और खुशियों का संचार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी कदम माना जा रहा है।
