विश्व रक्तदाता दिवस पर सीसीएल गांधी नगर अस्पताल में मेगा रक्तदान शिविर

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

50 यूनिट रक्त संग्रहित, अधिकारियों और कर्मचारियों ने रक्तदान को जन-आंदोलन बनाने का लिया संकल्प

रांची, 14 जून 2026। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के गांधी नगर अस्पताल स्थित ब्लड सेंटर में मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मानव सेवा के इस महाअभियान में अपना योगदान दिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने किया। इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजूरा, मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार तथा अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने भविष्य में भी ऐसे रक्तदान शिविरों को बढ़ावा देने तथा अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान एक महान मानवीय सेवा है, जो जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन प्रदान कर सकती है।

रक्तदान शिविर का आयोजन गांधी नगर अस्पताल स्थित ब्लड सेंटर द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी (प्रभारी) डॉ. राज कुमार एवं गांधी नगर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (प्रभारी) डॉ. भरत सिंह के मार्गदर्शन में किया गया।

शिविर के दौरान कुल 50 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। रक्तदाताओं में 44 पुरुष एवं 6 महिला रक्तदाता शामिल रहे। सभी रक्तदाताओं ने स्वैच्छिक रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।

कार्यक्रम के दौरान रक्तदान को प्रोत्साहित करने वाले व्यक्तियों एवं महिला रक्तदाताओं को सम्मानित भी किया गया। इस पहल का उद्देश्य समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अधिकाधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़ना था।

शिविर के सफल आयोजन में विभागाध्यक्ष (पैथोलॉजी) डॉ. अनीता कुमारी, डॉ. खुशबू सरन, डॉ. श्रीमोयी मुखर्जी, डॉ. मोहना मंडल सहित ब्लड सेंटर के तकनीशियनों एवं सहयोगी कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सीसीएल द्वारा आयोजित यह रक्तदान शिविर समाज में मानव सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और जनकल्याण की भावना को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। साथ ही इस आयोजन ने यह संदेश भी दिया कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।