सीसीएल में 110 सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानपूर्ण विदाई

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

मुख्यालय सहित विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित समारोहों में सेवाओं को किया गया सम्मानित, शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट किए गए

रांची, 30 जून 2026। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय में जून 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों के सम्मान में भव्य एवं गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले छह कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। वहीं, सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से कुल 110 सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानित कर उनके योगदान को याद किया गया।

समारोह के दौरान सीसीएल मुख्यालय में एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव, यादें और भावनाएं साझा कीं। इस प्रस्तुति ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और परिजनों को भावुक कर दिया।

मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वालों में मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन) अतनु चौधरी, कार्यालय अधीक्षक विनोद एमेल सुरीन, सुरक्षा उप-निरीक्षक बिरसा उरांव, कार्यालय अधीक्षक-ए1 पंकज कुमार, कार्यालय अधीक्षक लैजरस खलखो तथा गांधीनगर अस्पताल की मैट्रन अनिता निर्मला तिर्की शामिल रहीं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र उपस्थित रहे। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने अपने सेवाकाल में लगन, निष्ठा और कार्यकुशलता के साथ संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके अनुभव, अनुशासन और समर्पण ने सीसीएल की कार्यसंस्कृति को समृद्ध किया है और उनका योगदान हमेशा प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के स्वस्थ, सुखद और सफल जीवन की कामना करते हुए कहा कि कंपनी उनके योगदान को सदैव सम्मान के साथ याद रखेगी।

समारोह में विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।