– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (उपक्रम), रांची की वार्षिक पुरस्कार योजना 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिला सम्मान
रांची, 03 जुलाई, 2026`। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) को नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (उपक्रम), रांची की वार्षिक पुरस्कार योजना 2025-26 के अंतर्गत राजभाषा हिन्दी के प्रभावी कार्यान्वयन और राजभाषा संबंधी गतिविधियों के उत्कृष्ट संचालन के लिए प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान राजभाषा नीति के प्रभावी एवं सतत क्रियान्वयन के क्षेत्र में सीसीएल की उल्लेखनीय उपलब्धि और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
यह पुरस्कार सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिज़ाइन इंस्टीट्यूट (सीएमपीडीआई), रांची में आयोजित एक गरिमामय समारोह में प्रदान किया गया। समारोह में निदेशक (तकनीकी/सीआरडी) नृपेन्द्र नाथ ने सीसीएल के महाप्रबंधक (राजभाषा) अशोक कुमार को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया।
कार्यक्रम में गृह मंत्रालय के पूर्वी क्षेत्र के उप-निदेशक (राजभाषा) विचित्रसेन गुप्त पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने राजभाषा हिन्दी के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए सीसीएल द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर सीसीएल के उप-प्रबंधक (राजभाषा) डॉ. दिविक दिवेश भी मौजूद रहे।
सीसीएल की इस उपलब्धि का श्रेय कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह के नेतृत्व और निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र के मार्गदर्शन को दिया गया है। कंपनी ने राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी के बढ़ते प्रयोग, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के राजभाषा प्रशिक्षण, तकनीकी एवं प्रशासनिक कार्यों में हिन्दी के विस्तार तथा विभिन्न नवाचारों के माध्यम से सार्वजनिक उपक्रमों के बीच अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।
सीसीएल ने राजभाषा हिन्दी को कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए हैं, जिसके परिणामस्वरूप उसे यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुआ है।
