लिपिकीय नियमावली-2026 पर कर्मचारियों में उत्साह

Live ख़बर

– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

नई नियमावली की स्वीकृति पर जिला कर्मचारी संघ ने डीसी से मुलाकात कर जताया आभार

बोकारो, 03 जुलाई 2026 | झारखंड राज्य मंत्रिपरिषद द्वारा ‘झारखंड राज्य समाहरणालय लिपिकीय संवर्ग (भर्ती, प्रोन्नति एवं अन्य सेवा शर्तें) नियमावली-2026’ को मंजूरी मिलने के बाद जिला कर्मचारी संघ, बोकारो में खुशी का माहौल है। इसी क्रम में शुक्रवार को संघ के प्रतिनिधिमंडल ने समाहरणालय में उपायुक्त अजय नाथ झा से शिष्टाचार भेंट कर सरकार के निर्णय के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को पुष्पगुच्छ भेंट कर कहा कि लंबे समय से प्रतीक्षित इस नियमावली के लागू होने से समाहरणालय लिपिकीय संवर्ग के कर्मचारियों को स्पष्ट सेवा शर्तें प्राप्त होंगी। साथ ही पदोन्नति की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होगी और प्रशासनिक व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

उपायुक्त अजय नाथ झा ने प्रतिनिधिमंडल का आभार स्वीकार करते हुए कहा कि राज्य सरकार का यह निर्णय प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कर्मचारियों से जनहित के कार्यों के प्रति पूर्ण निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार एवं डीआरडीए निदेशक पूर्णिमा कुमारी भी उपस्थित रहीं।

जिला कर्मचारी संघ की ओर से सुकुमार प्रसाद मरांडी, नारायण प्रसाद वर्मा, विजय कुमार, कीर्ति कांत, सुमित कुमार सुमित, सबिता सोनम, टिन्नी कुमारी, वीरसमुनि होरो, संतोष कुमार सिंह, लक्ष्मी नारायण प्रसाद सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।