– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
24 घंटे में दूसरी छिनतई की घटना, लक्ष्मी मार्केट के सामने दिनदहाड़े वारदात से लोगों में नाराजगी
बोकारो, 13 जुलाई 2026 | शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को सेक्टर-4 थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मी मार्केट के सामने बाइक सवार दो अपराधियों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। पिछले 24 घंटे के भीतर यह दूसरी छिनतई की घटना है, जिससे लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, गोमिया के स्वांग निवासी संजय कुमार सिन्हा अपनी पत्नी कनक लता सिन्हा के साथ सेक्टर-4 स्थित लक्ष्मी मार्केट में एक मेडिकल दुकान पर दवा लेने पहुंचे थे। सुबह करीब 11:15 बजे जब दोनों दुकान के सामने खड़े थे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। बाइक के पीछे बैठे युवक ने महिला के गले से करीब 10 ग्राम वजन की सोने की चेन झपट ली और दोनों मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित दंपती ने शोर मचाया और पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी तेजी से भाग निकले। पीड़ित संजय कुमार सिन्हा ने सेक्टर-4 थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, बाइक पर पीछे बैठे आरोपी ने सफेद रंग की टोपी और आसमानी रंग की शर्ट पहन रखी थी।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले सेक्टर-2सी क्षेत्र में भी दिनदहाड़े एक व्यक्ति के गले से सोने की चेन छीनने की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही छिनतई की घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश है और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।
घटना ऐसे समय हुई जब जिले में पुलिस अधिकारियों की मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही थी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
