Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher
बोकारो, 23 अक्टूबर, 2025। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व बोकारो महानगर अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता और समाजसेवी इंद्रकुमार झा (57) का आज (गुरुवार) सुबह लगभग 8.45 बजे बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) में निधन हो गया। वे कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे, और परिजनों के अनुसार उनकी सेहत में सुधार हो रहा था। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें बीजीएच ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उन्हें हार्ट अटैक आया। राजनीति से लेकर सामाजिक कार्यों और मिथिला समाज में उनकी सक्रियता और मृदु व्यवहार के कारण बोकारो, चास और पूरे प्रदेश में शोक की लहर है।
झा का बोकारो में भारतीय जनता पार्टी को मजबूती देने में केंद्रीय योगदान रहा। वे मैथिली कला मंच कालीपूजा ट्रस्ट के पूर्व महासचिव के रूप में भी श्यामा माई मंदिर के पुनरुद्धार से जुड़े रहे थे। इसके अलावा, वे सिद्धाश्रम साधक परिवार (निखिल मंत्र विज्ञान) से भी जुड़े थे और सेक्टर-12डी में निखिल पारदेश्वर मंदिर की स्थापना में सक्रिय रहे। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और पूर्व सांसद रवीन्द्र कुमार पांडेय सहित सैकड़ों लोगों ने उनके सेक्टर-2 स्थित आवास पहुँचकर शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी। सभी ने उनके निधन को समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया।
बिहार के दरभंगा जिला अंतर्गत राढ़ी ग्राम के मूल निवासी इंद्रकुमार झा के निधन से बोकारो ने एक सक्रिय और हंसमुख व्यक्तित्व खो दिया है। वे अपने पीछे पत्नी और दो पुत्रों (अमित और बिट्टू) सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके बड़े पुत्र के दिल्ली से पहुँचने के बाद, उन्हें शुक्रवार को गरगा श्मशान घाट पर अंतिम विदाई दी जाएगी।
