29 जुलाई तक चलेगा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान

Live ख़बर

– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

उपायुक्त अजय नाथ झा बोले- एसआईआर का उद्देश्य केवल मतदाताओं की सटीक पहचान, नागरिकता से नहीं है संबंध

बोकारो, 13 जुलाई 2026 | भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची को अद्यतन करने का कार्य 29 जुलाई तक जारी रहेगा। सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में उपायुक्त अजय नाथ झा ने अभियान की प्रगति की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि इसका उद्देश्य केवल मतदाताओं की सटीक पहचान सुनिश्चित करना है, इसका नागरिकता की जांच से कोई संबंध नहीं है।

उपायुक्त ने बताया कि स्वतंत्रता के बाद यह 10वीं बार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2003 के बाद पहली बार 2026 में यह प्रक्रिया अपनाई गई है। उन्होंने कहा कि इस दौरान कई चुनाव होने तथा मतदाताओं एवं मतदान केंद्रों में बदलाव के कारण सूची को अद्यतन करना आवश्यक हो गया है।

उन्होंने कहा कि अभियान को लेकर लोगों में किसी प्रकार का भ्रम नहीं होना चाहिए। एसआईआर केवल मतदाता सूची की शुद्धता और पात्र मतदाताओं की सही पहचान सुनिश्चित करने की प्रक्रिया है।

उपायुक्त ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) लगातार कार्य कर रहे हैं। डिजिटल प्रणाली के माध्यम से डेटा अपलोड करने का कार्य भी तेज गति से चल रहा है और कई कर्मचारी देर रात तक डिजिटलाइजेशन में जुटे हैं।

प्रेसवार्ता में विधानसभावार प्रगति की जानकारी देते हुए बताया गया कि गोमिया विधानसभा क्षेत्र में 96.74 प्रतिशत फॉर्म वितरण तथा 47.50 प्रतिशत डेटा का डिजिटलीकरण पूरा हो चुका है। बेरमो विधानसभा में 96.58 प्रतिशत वितरण और 41.61 प्रतिशत डिजिटलीकरण, चंदनकियारी विधानसभा में 96.31 प्रतिशत वितरण और 41.72 प्रतिशत डिजिटलीकरण का कार्य पूरा किया गया है। वहीं, बोकारो विधानसभा क्षेत्र में 66.59 प्रतिशत वितरण तथा 47.59 प्रतिशत डेटा डिजिटलीकरण का कार्य पूरा हो चुका है।

उपायुक्त ने बताया कि चास नगर निगम क्षेत्र में प्रारंभिक चरण में कार्य की गति अपेक्षाकृत धीमी थी। इसके बाद जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर अभियान में तेजी लाई गई, जिससे अब प्रगति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले कुछ दिनों में यहां कार्य और आगे बढ़ेगा।

प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।