कोकर में ऑटो वर्कशॉप में भीषण आग, 9 वाहन जलकर खाक

Live ख़बर

संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

सुबह 5:30 बजे लगी आग, दमकल की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

रांची | 23 अगस्त 2026: सदर थाना क्षेत्र के कोकर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित बासुदेव ऑटो वर्कशॉप में रविवार सुबह करीब 5:30 बजे भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। वर्कशॉप में मरम्मत और सर्विसिंग के लिए खड़ी नौ चार पहिया गाड़ियां आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गईं।

आग सबसे पहले वर्कशॉप की सुरक्षा में तैनात सिक्योरिटी गार्ड को दिखाई दी। उसने तत्काल प्रबंधन को इसकी जानकारी दी। इसके बाद स्थानीय थाना और अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक वर्कशॉप में खड़ी नौ गाड़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थीं।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।