चोरी के लोहे के गेट के साथ मालवाहक ऑटो जब्त

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

डीवीसी भू-संपदा विभाग की कार्रवाई, क्वार्टरों से चोरी किए गए चार लोहे के गेट बरामद

बोकारो थर्मल, 15 जुलाई। डीवीसी भू-संपदा विभाग ने चोरी के लोहे के गेटों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मालवाहक ऑटो को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान डीवीसी आवासों से चोरी किए गए चार लोहे के गेट बरामद किए गए। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चोरी और कबाड़ के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, डीवीसी के महाप्रबंधक (एचआर) ए.ए. कुजूर को गुप्त सूचना मिली थी कि राजा बाजार स्थित एक कबाड़ संचालक के ठिकाने से डीवीसी क्वार्टरों के चोरी किए गए लोहे के गेट मालवाहक ऑटो के जरिए फुसरो भेजे जा रहे हैं। सूचना मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया।

महाप्रबंधक के निर्देश पर भू-संपदाधिकारी सह वरीय प्रबंधक सुरजीत सरकार, ओएस अर्घा बसु तथा होमगार्ड के जवानों की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर संदिग्ध मालवाहक ऑटो (संख्या जेएच09एटी-4948) को बीच रास्ते में रोक लिया।

तलाशी के दौरान ऑटो से डीवीसी आवासों के चार चोरी किए गए लोहे के गेट बरामद हुए। इसके बाद अधिकारियों ने सभी गेटों को जब्त कर सरकारी कब्जे में ले लिया तथा ऑटो को भी कार्रवाई के लिए अपने नियंत्रण में ले लिया।

मामले में पकड़े गए ऑटो चालक अशोक कुमार से पूछताछ की गई। डीवीसी अधिकारियों ने उसे कड़ी चेतावनी देते हुए फिलहाल छोड़ दिया। वहीं, चोरी के गेटों की खरीद-बिक्री में शामिल मुख्य आरोपियों एवं संबंधित कबाड़ संचालक की पहचान कर उनके विरुद्ध आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

डीवीसी अधिकारियों ने कहा कि विभागीय संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे तथा सरकारी संपत्ति की चोरी अथवा अवैध खरीद-बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।