दो लापता छात्राएं सकुशल बरामद

Live ख़बर

– चंदू प्रिंस : संवाददाता

खगौल पुलिस की बड़ी सफलता, दो माह से लापता नाबालिग छात्राएं धनबाद के होटल से मिलीं, परिजनों ने ली राहत की सांस

खगौल, 17 जुलाई। खगौल थाना पुलिस ने करीब दो माह से लापता दो नाबालिग छात्राओं को झारखंड के धनबाद स्थित सिटी सेंटर क्षेत्र के एक होटल से सकुशल बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई जांच के आधार पर पुलिस ने दोनों छात्राओं को सुरक्षित बरामद किया। फिलहाल उन्हें खगौल लाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 22 मई 2026 को छोटी बदलपुरा निवासी एक महिला ने खगौल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 14 वर्षीय बेटी अपनी 15 वर्षीय सहेली, जो दल्लूचक की रहने वाली है, के साथ स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया।

मामले की जांच खगौल थाना की सब इंस्पेक्टर राखी कुमारी को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल लोकेशन सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार छानबीन की। इसी क्रम में 16 जुलाई को झारखंड के धनबाद के सिटी सेंटर क्षेत्र स्थित एक होटल में दोनों छात्राओं की मौजूदगी का पता चला, जहां से उन्हें सकुशल बरामद कर लिया गया।

प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिला है कि दोनों छात्राएं आपस में घनिष्ठ मित्र थीं और संभवतः घर से नाराज होकर धनबाद चली गई थीं। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार करते हुए कहा है कि सभी संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

दानापुर के डीएसपी ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों छात्राओं को सुरक्षित बरामद किया गया है। उनसे पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस दौरान किसी अन्य व्यक्ति की कोई भूमिका रही या छात्राओं के साथ किसी प्रकार की आपराधिक घटना हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

छात्राओं के सकुशल मिलने से उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।