– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
बोकारो क्लब में पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया सावन महोत्सव–2026, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रतियोगिताओं ने बांधा समां
बोकारो, 22 जुलाई। महिला समिति, बोकारो की ओर से बोकारो क्लब में पारंपरिक उल्लास और उत्साह के साथ सावन महोत्सव–2026 का आयोजन किया गया। हरियाली और सावन की छटा से सजे इस आयोजन में समिति की सदस्याएं हरे रंग के पारंपरिक परिधानों में शामिल हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत महिला समिति की अध्यक्ष शुभम रंजन के स्वागत के साथ हुई, जिसके बाद पूरे आयोजन में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान उपाध्यक्ष सुनीता भारद्वाज के नेतृत्व में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने सावन की थीम पर आधारित गीत, कविताएं और आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। समारोह में पारंपरिक सावन झूला विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। नई सदस्याओं का स्वागत किया गया तथा सावन के पारंपरिक लोकगीतों के साथ स्वल्पाहार और विभिन्न मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया।
सावन महोत्सव के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपर्णा को सावन क्वीन–2026 चुना गया। शालिनी प्रथम रनर-अप तथा अमिता झा द्वितीय रनर-अप रहीं। मेहंदी प्रतियोगिता में चंदना ने प्रथम और संध्या राज ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, केश-विन्यास प्रतियोगिता में अनिता ठाकुर को सम्मानित किया गया तथा रूपाली को सावन स्पेशल पुरस्कार प्रदान किया गया। सभी विजेताओं का चयन महिला समिति की अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय महिला समिति की सचिव ऋचा प्रियदर्शिनी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में उपाध्यक्ष अल्का मनवटी, देवजानी मिश्रा एवं आशा दत्त, कोषाध्यक्ष अभिरुचि प्रिया, उप-कोषाध्यक्ष संघमित्रा पात्र, सुरभि प्रभारी अनिशा झा, विद्यालय प्रभारी नीतू सुनीत एवं आशा राज, सिलाई एवं सैनिटरी इकाई प्रभारी प्रीति राजेश तथा आरती कुमार, समिता मोहंती, कल्पना वर्मा, यामिनी श्री और रश्मि सहित समिति की अन्य सदस्याओं ने सक्रिय सहयोग दिया।
सावन महोत्सव ने पारंपरिक संस्कृति, आपसी सौहार्द और महिला सशक्तिकरण की भावना को नई ऊर्जा प्रदान करते हुए सभी प्रतिभागियों के लिए यादगार अनुभव छोड़ गया।

