एएनएस कॉलेज के आधुनिकीकरण की दिशा में बढ़ा कदम

Live ख़बर

एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

बीएसईआईडीसी की टीम ने किया तकनीकी निरीक्षण, स्मार्ट क्लासरूम, ऑडिटोरियम और ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने पर हुई चर्चा

बाढ़, 25 जुलाई: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल स्थित अनुग्रह नारायण सिंह (एएनएस) कॉलेज के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम (BSEIDC) के वरिष्ठ अधिकारियों एवं अभियंताओं की टीम ने महाविद्यालय का तकनीकी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कॉलेज के आधारभूत ढांचे को आधुनिक एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. शशि प्रताप शाही की पहल पर पहुंचे बीएसईआईडीसी के अधिकारियों ने कॉलेज परिसर का निरीक्षण करने के साथ प्राचार्य से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान स्मार्ट क्लासरूम, विद्यार्थियों के लिए आधुनिक शिक्षण सुविधाओं, अत्याधुनिक ऑडिटोरियम, सांस्कृतिक एवं अकादमिक हॉल के निर्माण सहित समग्र शैक्षणिक अधोसंरचना के विकास पर विस्तार से चर्चा हुई।

निरीक्षण के दौरान कॉलेज परिसर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने तथा पूरे परिसर को तकनीकी रूप से सुदृढ़ एवं आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की संभावनाओं का भी आकलन किया गया।

प्राचार्य प्रो. शशि प्रताप शाही ने कहा कि बिहार सरकार और बीएसईआईडीसी का यह संयुक्त प्रयास विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रस्तावित विकास कार्यों से महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा।

वहीं, स्थानीय लोगों ने कॉलेज परिसर में प्रस्तावित विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निष्पक्ष निगरानी व्यवस्था की आवश्यकता पर जोर दिया। उनका कहना है कि निर्माण कार्यों की समय-समय पर संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों द्वारा समीक्षा और निरीक्षण किया जाना चाहिए, ताकि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे हो सकें।