‘अभियान बसेरा’ के लिए पंचायत व अंचल में ही जमा होंगे आवेदन, पटना आने की जरूरत नहीं: डीएम

Live ख़बर

-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

हेल्प डेस्क पर मिलेगी पावती रसीद, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई

पटना, 21 सितंबर: ‘अभियान बसेरा-2’ के अंतर्गत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग के पात्र भूमिहीन परिवारों को वासयोग्य भूमि उपलब्ध कराने के लिए आवेदन लेने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने स्पष्ट किया है कि योग्य लाभुक अपने आवेदन संबंधित पंचायत कार्यालय अथवा अंचल कार्यालय में ही जमा करें; इसके लिए किसी भी आवेदक को जिला मुख्यालय पटना आने की आवश्यकता नहीं है।

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जिले के सभी अंचल और पंचायत कार्यालयों में विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। इन काउंटरों पर आवेदकों को जरूरी सहायता, फॉर्म जमा करने और पावती रसीद देने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जिलाधिकारी ने आमजन से किसी भी तरह के भ्रम या अफवाह में न आने की अपील करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर ही पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जा रही है।

जिला प्रशासन ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, भूमि सुधार उपसमाहर्ताओं और अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि आवेदन प्रक्रिया को सुगम बनाएं ताकि भूमिहीन परिवारों को किसी तरह की असुविधा न हो। वहीं, कुछ तत्वों द्वारा फैलाई जा रही भ्रामक सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वाले असामयिक तत्वों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Verified by MonsterInsights