– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
नारायण वर्ल्ड स्कूल में जारी प्रतियोगिता में धनबाद पब्लिक स्कूल, डीपीएस रांची और केपीएस बुरहामाइन्स ने दर्ज की शानदार जीत
जमुहार (सासाराम), 27 जुलाई 2026। नारायण वर्ल्ड स्कूल के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय सीबीएसई क्लस्टर-3 बास्केटबॉल प्रतियोगिता अपने सबसे रोमांचक और निर्णायक चरण में पहुंच गई है। बिहार और झारखंड की शीर्ष टीमें क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। अब सभी की निगाहें फाइनल में प्रवेश के लिए होने वाले मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां हर टीम चैंपियन बनने के लक्ष्य के साथ कोर्ट पर उतरेगी।
अंडर-19 बालक वर्ग के पहले क्वार्टर फाइनल में धनबाद पब्लिक स्कूल (धनबाद) ने विद्या भारती चिन्मय (जमशेदपुर) को 30-17 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मजबूत रक्षापंक्ति, बेहतरीन तालमेल और सटीक फिनिशिंग के दम पर धनबाद की टीम ने पूरे मैच में अपना दबदबा बनाए रखा और सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
एक अन्य रोमांचक क्वार्टर फाइनल में डीपीएस रांची ने डीपीएस बोकारो को 42-32 से पराजित कर अंतिम चार में प्रवेश किया। मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण रहा, लेकिन डीपीएस रांची के उदीयमान खिलाड़ी यश कल शाम ने पांच बास्केट कर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। डीपीएस बोकारो ने कड़ी चुनौती पेश की, लेकिन रांची की आक्रामक रणनीति और मजबूत जज्बा निर्णायक साबित हुआ।
अंडर-19 बालिका वर्ग के क्वार्टर फाइनल में केपीएस बुरहामाइन्स (जमशेदपुर) ने सेंट मैरीज़ इंग्लिश हाई स्कूल (जमशेदपुर) को 16-7 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया। केपीएस की खिलाड़ी सुलगना ने चार बास्केट कर शानदार प्रदर्शन किया और अपनी टीम की जीत की आधारशिला रखी। सेंट मैरीज़ की टीम ने संघर्षपूर्ण खेल दिखाया, लेकिन केपीएस के मजबूत डिफेंस को भेदने में सफल नहीं हो सकी।
प्रतियोगिता अब अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुकी है। सेमीफाइनल में पहुंची टीमें फाइनल में स्थान बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकेंगी। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि आगामी मुकाबले भी रोमांच, प्रतिस्पर्धा और उच्च स्तरीय खेल कौशल से भरपूर होंगे।

