सीसीएल में राजभाषा कार्यान्वयन पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभाग सम्मानित

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक में हिंदी के प्रभावी प्रयोग पर जोर, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले क्षेत्रों एवं विभागों को मिला सम्मान

रांची, 29 जुलाई 2026। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय, दरभंगा हाउस में बुधवार को राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने की। बैठक में राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग की समीक्षा तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागों एवं क्षेत्रों को सम्मानित किया गया।

बैठक में महाप्रबंधक (राजभाषा) अशोक कुमार, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, महाप्रबंधक, राजभाषा नोडल अधिकारी तथा सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रारंभ में महाप्रबंधक (राजभाषा) अशोक कुमार ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया। इसके बाद उप-प्रबंधक (राजभाषा) दिविक दिवेश ने गत तिमाही के दौरान संचालित राजभाषा कार्यक्रमों, योजनाओं और उपलब्धियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। तिमाही प्रगति रिपोर्ट के माध्यम से कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग, प्रगति और सुधार के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

अपने संबोधन में महाप्रबंधक (राजभाषा) अशोक कुमार ने कहा कि राजभाषा हिंदी केवल संप्रेषण का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय समाज, संस्कृति और राष्ट्रीय पहचान का प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी संवेदनाओं और विचारों को सहज एवं प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त करने वाली भाषा है, इसलिए इसके प्रयोग को दैनिक कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

अध्यक्षीय संबोधन में निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि राजभाषा हिंदी प्रशासनिक कार्यों को सरल, सहज और प्रभावी बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यालयीन कार्यों में हिंदी को प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे न केवल राजभाषा नीति के उद्देश्यों की पूर्ति होगी, बल्कि संगठन में संवाद, कार्य निष्पादन और समन्वय भी अधिक प्रभावी बनेगा। उन्होंने कहा कि हिंदी का प्रयोग केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।

बैठक के दौरान राजभाषा के उत्कृष्ट कार्यान्वयन, नवाचार और उल्लेखनीय योगदान के लिए कल्याण विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग तथा प्रणाली विभाग को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा बोकारो एवं करगली क्षेत्र, कथारा क्षेत्र, ढोरी क्षेत्र, कल्याण एवं सेवाएं विभाग, मानव संसाधन एवं औद्योगिक संबंध विभाग, सुरक्षा विभाग, मानव संसाधन विकास विभाग, औद्योगिक अभियंत्रण विभाग, भूगर्भ विभाग, श्रम शक्ति विभाग, समाधान सेल तथा भर्ती विभाग को राजभाषा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए।

बैठक का समापन संगठन में राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।