सीसीएल परिवार ने 77 सेवानिवृत्त कर्मियों को दी सम्मानपूर्ण विदाई

Live ख़बर

– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

मुख्यालय सहित विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित समारोहों में कर्मियों के योगदान को किया गया सम्मानित

रांची, 31 जुलाई 2026। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय, रांची में शुक्रवार को एक गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित कर जुलाई 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों को भावभीनी विदाई दी गई। मुख्यालय से सेवानिवृत्त छह कर्मियों सहित सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 77 कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई देकर उनके योगदान को सराहा गया।

मुख्यालय में आयोजित समारोह के दौरान एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव, भावनाएं और यादें साझा कीं। कार्यक्रम भावुक और प्रेरणादायक माहौल में संपन्न हुआ।

मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वालों में अवनीश कुमार (महाप्रबंधक, खनन), प्रतुल कुमार (महाप्रबंधक, मानव संसाधन एवं आईआर), चंद्र भूषण प्रसाद (मुख्य प्रबंधक, खनन), पूनम देवी (ओ.एस. ग्रेड-ए-1), जनेश्वर राम (मुख्य फार्मासिस्ट, गांधीनगर अस्पताल) तथा बलराम सिंह मुंडा (सहायक फोरमैन, ई एंड एम) शामिल रहे।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

समारोह के मुख्य अतिथि एवं सीसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार ने सेवानिवृत्त कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक कर्मचारी अपने समर्पण, मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा से संगठन की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने कहा कि वर्षों की सेवा से विकसित कार्यसंस्कृति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।

उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का अंत नहीं, बल्कि एक नए अध्याय की शुरुआत है। इस नए चरण को सकारात्मक सोच, स्वस्थ जीवनशैली और नई संभावनाओं के साथ अपनाना चाहिए। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुखद पारिवारिक जीवन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह में विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया और उनके दीर्घकालीन योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।