– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत युवाओं को मिल रहा औद्योगिक प्रशिक्षण, नौ माह तक मिलेगा ₹9,000 मासिक स्टाइपेंड
बोकारो, 01 अगस्त। बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (PM Internship Scheme) के तीसरे चरण के तहत 91 युवाओं का व्यावहारिक कौशल प्रशिक्षण शुरू हो गया है। भारत सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से युवाओं को औद्योगिक कार्य-संस्कृति, आधुनिक तकनीकों और व्यावसायिक दक्षताओं का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया जा रहा है। बीएसएल इस पहल के जरिए युवाओं के कौशल विकास और रोजगार क्षमता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
संयंत्र के तकनीकी एवं गैर-तकनीकी विभागों में प्रशिक्षुओं की तैनाती की गई है। यहां वे वरिष्ठ अधिकारियों और अनुभवी विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में वास्तविक औद्योगिक कार्यप्रणाली, अत्याधुनिक उत्पादन प्रक्रियाओं तथा सुरक्षा मानकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाना और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।
नौ माह की प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रत्येक इंटर्न को भारत सरकार और बोकारो इस्पात संयंत्र के संयुक्त सहयोग से ₹9,000 प्रतिमाह का स्टाइपेंड प्रदान किया जाएगा। यह आर्थिक सहायता प्रशिक्षुओं को आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ पूरी एकाग्रता के साथ कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
Follow this link to JOIN our WhatsApp Community
योजना के तहत चयनित युवाओं में आईटीआई, डिप्लोमा, विभिन्न विषयों में स्नातक (बीएससी, बीसीए, बीए) तथा 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी शामिल हैं। उन्हें मैकेनिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, फिटर, वेल्डर, टर्नर, मशीनिस्ट, सिविल, इंस्ट्रूमेंटेशन, पीएलसी लैब, पावर डिस्ट्रीब्यूशन, मेटलर्जी, लॉजिस्टिक्स, मानव संसाधन (एचआर), कोपा, हाइड्रोलिक्स और सिरेमिक इंजीनियरिंग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे इंटर्न श्वेता शर्मा, आयुष कुमार शर्मा, मनीषा कुमारी, गौतम कुमार हांसदा, गणेश केरकेट्टा और ऋषि कुमार सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह योजना उनके करियर के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है। उनके अनुसार अत्याधुनिक मशीनों पर कार्य करने का अवसर, अनुभवी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और नियमित स्टाइपेंड उन्हें व्यावसायिक रूप से सशक्त बना रहा है।
बीएसएल प्रबंधन का मानना है कि प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के माध्यम से युवाओं को उद्योग जगत का व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें रोजगारोन्मुख कौशल से भी लैस किया जा रहा है। यह पहल न केवल युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख रही है, बल्कि क्षेत्र में कौशल विकास और औद्योगिक दक्षता को भी नई दिशा प्रदान कर रही है।

