BGH में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर मंथन

Live ख़बर

– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

बीएसएल शीर्ष प्रबंधन और चिकित्सकों के बीच ‘लार्ज ग्रुप इंटरेक्शन’ आयोजित, आधुनिक एवं रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर

बोकारो, 01 अगस्त। बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, आधुनिक और रोगी-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से बीएसएल के शीर्ष प्रबंधन, चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं स्वास्थ्यकर्मियों के बीच ‘लार्ज ग्रुप इंटरेक्शन’ (संवाद कार्यक्रम) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बोकारो इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर अधिशासी निदेशक, वरिष्ठ चिकित्सक तथा बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाना, कार्यस्थल की दक्षता बढ़ाना, टीम भावना को मजबूत करना तथा नवाचार आधारित कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करना था। संवाद कार्यक्रम के माध्यम से शीर्ष प्रबंधन और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच विचारों के आदान-प्रदान का खुला मंच उपलब्ध कराया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य चिकित्सा अधिकारी के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने उपस्थित सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से अस्पताल के विकास और सेवा गुणवत्ता में सुधार के लिए खुलकर अपने विचार एवं सुझाव रखने का आह्वान किया।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

इसके बाद सहायक महाप्रबंधक (ज्ञानार्जन एवं विकास) ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बोकारो इस्पात संयंत्र की विकास यात्रा, प्रमुख उपलब्धियों तथा भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, महाप्रबंधक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) ने बोकारो जनरल अस्पताल की आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, आधारभूत संरचना के विकास और आगामी विस्तार योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।

अपने संबोधन में निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने कहा कि बोकारो जनरल अस्पताल को उत्कृष्ट, सुलभ और अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का आदर्श केंद्र बनाने के लिए सभी को सामूहिक रूप से कार्य करना होगा। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से समर्पण, संवेदनशीलता और नवाचार की भावना के साथ मरीजों की सेवा करने का आह्वान किया।

उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि अस्पताल के विकास और सेवा गुणवत्ता में सुधार के लिए मिलने वाले सभी रचनात्मक सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा तथा इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के समापन पर बीएसएल प्रबंधन और अस्पताल कर्मियों के बीच खुला संवाद हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और अस्पताल की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। यह आयोजन बोकारो इस्पात संयंत्र की उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा सहभागितापूर्ण कार्य-संस्कृति को मजबूत करने की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा।