BGH में विश्व स्तनपान सप्ताह का शुभारंभ

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए सप्ताहभर चलेगा जागरूकता अभियान, ओपीडी में दी जाएगी स्तनपान संबंधी जानकारी

बोकारो, 01 अगस्त। बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) में शनिवार से विश्व स्तनपान सप्ताह का शुभारंभ किया गया। शिशु रोग विभाग एवं स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सप्ताहव्यापी जागरूकता अभियान का उद्देश्य माताओं और आमजनों को स्तनपान के स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूक करना तथा नवजात शिशुओं के बेहतर पोषण और स्वस्थ विकास को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में अधिशासी निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं), मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं नर्सिंग स्कूल की छात्राएं उपस्थित रहीं। इस अवसर पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की गई।

कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग स्कूल की छात्राओं ने पोस्टर, स्लोगन और शैक्षणिक मॉडलों के माध्यम से स्तनपान के वैज्ञानिक महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। अस्पताल पहुंचीं गर्भवती महिलाओं, नवप्रसूता माताओं और उनके परिजनों को जन्म के तुरंत बाद मां का पहला दूध (कोलोस्ट्रम) पिलाने के लाभ, शिशु के संपूर्ण पोषण और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में स्तनपान की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

अस्पताल परिसर में स्थापित विशेष हेल्प डेस्क पर चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों ने माताओं की शंकाओं और भ्रांतियों का समाधान किया तथा सुरक्षित एवं सही स्तनपान की प्रक्रिया के बारे में मार्गदर्शन दिया।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार “जीवन की स्थायी शुरुआत के लिए स्तनपान” विषय पर आधारित यह अभियान पूरे सप्ताह शिशु रोग एवं स्त्री रोग ओपीडी में जारी रहेगा। इस दौरान मरीजों, गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को नियमित रूप से स्तनपान के महत्व, मातृ स्वास्थ्य और नवजात शिशु की देखभाल से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

इस जागरूकता अभियान के सफल संचालन में शिशु रोग विभाग के विभागाध्यक्ष, चिकित्सकों की टीम, नर्सिंग स्कूल की छात्राओं एवं शिक्षिकाओं की सक्रिय भूमिका रही। अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने, कुपोषण की रोकथाम तथा समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Verified by MonsterInsights