– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को दिए सतर्कता के निर्देश, जुलूसों की ड्रोन से होगी निगरानी
पटना, 01 अगस्त। चेहल्लुम पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस संबंध में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को पूरी सजगता और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित थानाध्यक्ष शांति समिति की बैठक आयोजित करें तथा स्थानीय लोगों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी धार्मिक जुलूस विधिवत लाइसेंस प्राप्त होने चाहिए तथा जुलूस मार्ग का पूर्व में भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विद्युत विभाग को जुलूस मार्ग पर झूलते अथवा बाधक बिजली के तारों को दुरुस्त करने तथा आवश्यकता पड़ने पर पेड़ों की टहनियों की समय रहते छंटाई कराने के निर्देश भी दिए।
Follow this link to JOIN our WhatsApp Community
जुलूसों की ड्रोन से होगी निगरानी
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि चेहल्लुम के दौरान निकलने वाले सभी जुलूसों की वीडियोग्राफी अनिवार्य रूप से कराई जाएगी। इसके साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि जुलूस के दौरान कोई ऐसी गतिविधि न हो, जिससे किसी समुदाय की भावनाएं आहत हों।
जिलाधिकारी ने साइबर सेल को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखने तथा अफवाह फैलाने या भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध तत्काल एवं कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जुलूस के साथ रहेंगे दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक जुलूस के साथ प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस अधिकारी प्रारंभ से समापन स्थल तक मौजूद रहें। उन्होंने कहा कि संबंधित थानाध्यक्ष स्वयं जुलूस के साथ रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में वरिष्ठ अधिकारियों की विशेष तैनाती की जाएगी तथा आवश्यक स्थानों पर रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) की तैनाती रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
बैठक में नगर निकायों को साफ-सफाई सुनिश्चित करने, जबकि विद्युत, स्वास्थ्य, अग्निशमन और यातायात विभागों को अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। समीक्षा बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं संबंधित थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।

