– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
बोकारो, 4 अगस्त। सामाजिक सेवा के लिए समर्पित संस्था युवा लायंस फोर्स एक बार फिर सावन माह में शिवभक्तों के लिए विशेष सेवा यात्रा का आयोजन करने जा रही है। संस्था ने घोषणा की है कि आगामी 9 अगस्त को मात्र एक रुपये के प्रतीकात्मक शुल्क पर हजारों श्रद्धालुओं को बाबा गौरीनाथ धाम के दर्शन कराए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस वर्ष कांड्रा में पहली बार एक विशाल सेवा शिविर भी लगाया जाएगा।
इस संबंध में संस्था की केंद्रीय कमेटी की बैठक बोदरो स्थित आवासीय कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता अलकुशा पंचायत के मुखिया रोहित रजक ने की, जबकि संचालन रंजित शर्मा ने किया। बैठक में युवा लायंस फोर्स के केंद्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता देव शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए देव शर्मा ने बताया कि संस्था पिछले 14 वर्षों से लगातार यह सेवा यात्रा आयोजित कर रही है। इसका उद्देश्य ग्रामीण, दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले तथा आर्थिक रूप से कमजोर एवं असहाय लोगों को भगवान भोलेनाथ के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक कारणों से धार्मिक यात्रा नहीं कर पाते।
Follow this link to JOIN our WhatsApp Community
उन्होंने बताया कि एक रुपये के प्रतीकात्मक शुल्क पर प्रत्येक श्रद्धालु को पोशाक, गमछा, कांवर, आने-जाने के लिए वाहन, निःशुल्क चिकित्सा सुविधा, भोजन, पेयजल, फल एवं मिठाई उपलब्ध कराई जाएगी। दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था भी संस्था द्वारा की जाएगी।
देव शर्मा ने बताया कि इस वर्ष यात्रा के साथ भव्य शोभायात्रा निकालने की योजना थी, लेकिन चास के समाजसेवी एवं डाक बम सेवा समिति को पहचान दिलाने वाले अजय राय के निधन के शोक में शोभायात्रा स्थगित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि यात्रा से एक दिन पहले सभी श्रद्धालुओं के घर तक पोशाक और कांवर पहुंचा दिए जाएंगे।
इस वर्ष पहली बार कांड्रा के समीप एक विशाल सेवा शिविर लगाया जाएगा, जहां श्रद्धालुओं के लिए विश्राम, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। शिविर में प्रसिद्ध भजन गायक सुदेश सिंह अपनी भक्ति प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक माहौल का अनुभव कराएंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा को और बेहतर बनाने के लिए संगठन ने इस बार विशेष ‘बाइक सेवा दल’ का गठन किया है। यह दल दामोदर नदी से लेकर बाबा गौरीनाथ धाम तक पूरे मार्ग में लगातार गश्त करेगा और भीड़भाड़ या संकरी गलियों में फंसे श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराएगा।
संस्था का कहना है कि इस सेवा यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सामाजिक समर्पण की भावना को मजबूत करना भी है।

