– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
बोकारो थर्मल, 4 अगस्त: स्मार्ट मीटर में कथित तकनीकी गड़बड़ियों और गलत बिलिंग से परेशान बोकारो थर्मल डीवीसी सेंट्रल मार्केट के दुकानदारों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। बड़ी संख्या में व्यापारियों ने स्थानीय कॉलोनी विद्युत सब-स्टेशन का घेराव कर प्रदर्शन किया और स्मार्ट मीटर प्रणाली में सुधार की मांग की।
दुकानदारों का आरोप है कि समय पर बिजली रिचार्ज कराने के बावजूद उनके स्मार्ट मीटर में हजारों रुपये का माइनस बैलेंस दिखाया जा रहा है। कई उपभोक्ताओं के मीटर में 10 से 12 हजार रुपये तक का बकाया प्रदर्शित हो रहा है, जबकि उन्होंने नियमित रूप से रिचार्ज कराया है। व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया और संबंधित कर्मियों की ओर से संतोषजनक जवाब भी नहीं मिला।
व्यापारियों का कहना है कि स्मार्ट मीटर की इस तकनीकी गड़बड़ी के कारण कई दुकानों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे उनका व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाने की मांग को लेकर बड़ा आंदोलन करेंगे।
Follow this link to JOIN our WhatsApp Community
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर डीवीसी विद्युत विभाग के वरीय प्रबंधक संदीप भगत मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। उन्होंने प्रभावित दुकानदारों से मीटर आईडी और दुकान संख्या की जानकारी एकत्र कर एक सप्ताह के भीतर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
संदीप भगत ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट मुख्यालय को ई-मेल के माध्यम से भेजी जा रही है ताकि तकनीकी खामियों को दूर किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि जिन उपभोक्ताओं की बिजली बकाया के कारण काटी गई है, उनके मामलों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया, लेकिन व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय-सीमा में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे फिर से व्यापक आंदोलन करेंगे।
प्रदर्शन में अनिल सिंह, विजय रावत, विकास कुमार, मनजीत सिंह, पप्पू कुमार, अजय यादव, शैलेश सिंह, गुलाब प्रजापति, तुलसी कुमार, विजय सिंह, रिंटू कुमार, मनीष कुमार, रिंकू कुमार, पिंकू ठाकुर सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और दुकानदार उपस्थित रहे।

